बलवंत भट्ट, मंदसौर। मंदसौर जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सूपड़ा गांव में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर से प्रसादी लेकर बाहर निकल रही महिलाओं को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 6 महिलाएं और एक 13 साल की बच्ची सहित कुल 7 लोग घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: सन्नाटे में समाई जिंदगी! युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, मायके गई थी पत्नी ; गांव में छाया मातम
4 महिलाओं की हालत गंभीर, एक के दोनों पैर टूटे
हादसा रविवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार बहुत तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 4 महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि एक महिला के दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक को खंभे से बांधकर पीटा, कार में की तोड़फोड़
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को मौके पर ही दबोच लिया। गुस्साए लोगों ने चालक को कार से खींचकर बाहर निकाला और पास के बिजली के खंभे से बांधकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके साथ ही ग्रामीणों ने बेकाबू कार में भी तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही पिपलियामंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया। पुलिस गाड़ी की तलाशी लेकर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें: बात करने से नाराज पड़ोसियों ने युवक-युवती को दिया करंटः खेत में फेंका, इलाज के दौरान युवक ने नागपुर में तोड़ा दम, तीनों आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे
कार्रवाई को लेकर थाने का घेराव, महू-नीमच हाईवे जाम
घटना के विरोध में सोमवार को ग्राम सूपड़ा के ग्रामीण लामबंद होकर पिपलियामंडी थाने का घेराव करने पहुंचे। थाने पर ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हो गई, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश और भड़क गया। विरोध जताते हुए ग्रामीणों ने थाने के सामने महू-नीमच हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति को बिगड़ता देख एसडीओपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देकर मामला शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



