पवन राय, मंडला। जिले के नैनपुर से इस वक्त की खबर है, जहां युवक की हत्या और युवती पर जानलेवा हमले के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोप है कि युवक-युवती के आपस में बातचीत करने से नाराज पड़ोसियों ने दोनों को रात में पकड़ लिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना 25 अगस्त की देर रात की बताई जा रही है।

बिजली तार से बांधकर करंट लगाया और प्रताड़ित किया

आरोप है कि आरोपियों ने युवक और युवती को विद्युत तार से बांधकर करंट लगाया और काफी देर तक प्रताड़ित किया इसके बाद दोनों को मृत समझकर खेत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। इस वारदात में 19 वर्षीय अभिषेक धुर्वे गंभीर रूप से घायल हुआ था उसे इलाज के लिए नागपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, वहीं युवती भी गंभीर रूप से घायल हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनपुर थाना और पिण्डरई चौकी पुलिस ने जांच शुरू की पीड़िता के बयान और विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

तीनों आरोपियों को भेजा जेल

गिरफ्तार आरोपियों में 56 वर्षीय चमरालाल मरावी, 27 वर्षीय लालसिंह मरावी और 30 वर्षीय सुशील कुमार मरावी तीनों निवासी ग्राम खिरसारू है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी का गेड़ा और विद्युत तार भी जब्त किया है। इस मामले में नैनपुर थाने में हत्या, हत्या के प्रयास मारपीट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

राजेश रघुवंशी, पुलिस अधीक्षक मंडला

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m