सिविल अस्पताल जगाधरी में स्वयंसेवी संस्था अस्पाल सिंह एण्ड ब्रदर्स के सहयोग से जरूरतमंद मरीजों व उनके परिजनों के लिए निःशुल्क लंगर सेवा का आरम्भ किया गया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुज मंगला ने अपने पूज्य पिता स्व. डॉ. धर्मपाल मंगला की पुण्यतिथि पर 29 जुलाई को एक दिन की लंगर सेवा का आयोजन करने की घोषणा की है।
परवेज खान, यमुनानगर। सिविल अस्पताल जगाधरी में जरूरतमंद मरीजों व उनके अभिभावकों के लिये निःशुल्क लंगर सेवा का आरम्भ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुज मंगला व अस्पताल प्रशासन की निगरानी में किया गया है। यह सेवा एक स्वयंसेवी संस्था ‘अस्पाल सिंह एण्ड ब्रदर्स’ के सहयोग से शुरू की गई है। संस्था द्वारा प्रतिदिन मरीजों व उनके अभिभावकों को शुद्ध व पौष्टिक भोजन प्रदान किया जा रहा है तथा भोजन की गुणवत्ता को लेकर अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सजग है।
पिता की पुण्यतिथि पर देंगे योगदान
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुज मंगला ने कहा कि 29 जुलाई को उनके पूज्य पिताजी डॉ. धर्मपाल मंगला (रिटायर्ड महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएँ, हरियाणा) की पुण्यतिथि होती है। अतः इस अवसर पर वह अपने पिता को श्रद्धांजलि स्वरूप मरीजों व उनके अभिभावकों के लिये एक दिन की लंगर सेवा का आयोजन करेंगे।

परिसर में शैड और पेयजल की व्यवस्था
निःशुल्क लंगर सेवा के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. अनुज मंगला ने बताया कि संस्था के आग्रह पर और भोजन संबंधी उचित निर्देशों के साथ संस्था को अस्पताल परिसर में मरीजों व अभिभावकों के लिये भोजन की व्यवस्था करने की अनुमति प्रदान की गई है। बीते एक माह से संस्था द्वारा अस्पताल में लंगर सेवा प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके लिये अस्पताल द्वारा परिसर में ही शैड की व्यवस्था भी की गई है, ताकि प्रतिदिन एक ही स्थान पर भोजन सामग्री मिलने की जानकारी मरीजों को रहे और वे इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

इसके साथ ही शैड के पास स्वच्छ, ताजे व ठंडे पानी की व्यवस्था भी मरीजों के लिये की गई है, ताकि मरीजों व अभिभावकों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही वहाँ की प्रतिदिन की साफ-सफाई व रख-रखाव के विशेष निर्देश भी दिये गये हैं, जिससे कि अस्पताल परिसर में किसी प्रकार की गंदगी एकत्र न हो और अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएँ सुचारू रूप से चलती रहें।


