इस्कॉन कुरुक्षेत्र और इस्कॉन प्रचार समिति कैथल के तत्वावधान में 18 जुलाई को 19वीं भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य धार्मिक आयोजन में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

राकेश कथूरिया, कैथल। इस्कॉन प्रचार समिति, कैथल के प्रधान दीपक अग्रवाल ने इस्कॉन कुरुक्षेत्र व इस्कॉन प्रचार समिति, कैथल के द्वारा आयोजित की जा रही 19वीं भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियों के विषय में विस्तृत जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस भव्य रथ यात्रा में हरियाणा के वर्तमान कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री (Agriculture Minister of Haryana) श्री श्याम सिंह राणा जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

दुल्हन की तरह सजा शहर

शहर के सभी लोग 18 जुलाई को रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी के एक साथ दर्शन का बहुत उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं। इस्कॉन समिति की तरफ से पूरे जोश के साथ तैयारियां की जा रही हैं। जिस-जिस रास्ते से भगवान की रथ यात्रा निकल कर जाएगी, उस पूरे मार्ग को लड़ियों तथा पर्दों से सजाया जा रहा है, ताकि भगवान के आगमन पर कैथल शहर जगमग हो उठे। शहर को साफ-सुथरा बनाया जा रहा है और संपूर्ण शहर को दुल्हन की तरह सजाने का प्रयास किया जा रहा है। समिति के सभी सदस्यों के द्वारा उत्साहपूर्वक कार्य किया जा रहा है। शनिवार, 18 जुलाई को शाम 05:00 बजे भगवान जगन्नाथ जी अपने भाई बलदेव और बहन सुभद्रा महारानी के साथ कैथल शहरवासियों को रथ पर विराजमान होकर दर्शन देंगे। कैथल के भक्त बहुत ही प्रेम से भगवान के नंदिघोष रथ के रस्से को खींचेंगे।

आकाशमार्ग से 56 भोग

जगह-जगह पर सामाजिक संस्थाओं और भक्तों के द्वारा प्रसाद का वितरण किया जाएगा। भगवान को अलग-अलग 8 स्थानों पर आकाशमार्ग द्वारा 56 भोग अर्पण किए जाएंगे। इस बार रथ यात्रा में शहरवासियों के लिए बहुत कुछ विशेष रहने वाला है।प्रेस सचिव भारत मदान ने बताया कि रथ यात्रा अम्बाला रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर से शुरू होकर अम्बाला रोड, सर छोटू राम चौक, ढांड रोड, ऋषि नगर, करनाल रोड, पेहोवा चौक, कमेटी चौक से होते हुए श्री गीता भवन मंदिर में विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगी। यात्रा में कीर्तन की शोभा को बढ़ाने के लिए बाहर से इस्कॉन के कई वैष्णव सन्यासी भक्त आ रहे हैं। हर वर्ष की भांति श्री महावीर जी इस रथ यात्रा की अगुवाई करेंगे।

विराट कोहली के हमशक्ल आएंगे

प्रेस सचिव ने यह भी बताया कि इस रथ यात्रा में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी विराट कोहली के हमशक्ल हैरी कोहली भी हम सभी के साथ भगवान जगन्नाथ जी का दर्शन करने और रथ का रस्सा खींचने के लिए कैथल आ रहे हैं। शहर की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखते हुए यात्रा के पीछे सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो कि शहर की सुंदर व्यवस्था को बिगड़ने नहीं देंगे। इस धार्मिक आयोजन में माननीय विधायक श्री आदित्य सुरजेवाला जी, प्रमुख समाज सेवी श्री कैलाश भगत जी, नगर परिषद की चेयरमैन सुरभि गर्ग, कैथल शहर के डी.सी., एस.पी., डी.एस.पी., वरिष्ठ एडवोकेट श्री मनदीप सिंह जी व शहर के अन्य सम्मानित सदस्य भी भगवान के आशीर्वाद हेतु उपस्थित रहेंगे।

प्रशासन और समिति सतर्क

समिति के सभी सदस्यों ने कैथल शहरवासियों को यात्रा में आने का सहर्ष निमंत्रण देते हुए सभी से सावधानीपूर्वक दर्शन करने की भी विनती की है। शरारती तत्व भक्तों की भीड़ का गलत लाभ न उठा सकें, इसके लिए समिति और पुलिस प्रशासन की तरफ से बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भक्तों से अपील करते हुए यह भी कहा गया है कि दर्शन के लिए आते समय श्रद्धालु अपने साथ मोबाइल, जेवर, भारी कैश या अन्य कोई भी कीमती सामान लेकर न आएं।

इस विशेष अवसर पर समिति के सदस्य दीपक अग्रवाल, राज गुलाटी, राम निवास, आशीष गर्ग, संजय वाही, अमित गर्ग, भारत मदान, मोनू गोयल, रजत थरेजा, रमेश चन्द, श्याम लाल वर्मा, नीरज गर्ग, संजीव शर्मा, रमेश कुमार, बलविंदर, संजीव धीमान, आशु गोयल, विनय तनेजा, सतीश शर्मा, पाली जी, पंकज शर्मा, सुमित ओबराय, सुनील सैनी सहित अन्य सभी सदस्य मौजूद रहे।