आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। सोशल मीडिया के माध्यम से युवती को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में बस्तर पुलिस ने उत्तर प्रदेश से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रवि कुमार राजभर निवासी मऊ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने सोशल मीडिया के जरिए युवती से संपर्क स्थापित कर दोस्ती की और धीरे-धीरे उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। इसके बाद उसने युवती को जगदलपुर बुलाया, जहां एक होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने युवती के अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक आरोपी इन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसका शोषण करता रहा। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गया और अपने घर पर भी नहीं रह रहा था। आरोपी की तलाश में बस्तर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर उत्तर प्रदेश रवाना की। टीम ने स्थानीय स्तर पर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और लगातार निगरानी के बाद मऊ जिले में रात के समय दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसमें पीड़िता से संबंधित आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को जब्त कर लिया है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जगदलपुर लाया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

