चंडीगढ़। हरियाणा घनघस खाप के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जगदीप घनघस ने दावा किया है कि हरियाणा से सैकड़ों लोग 6 जून को दिल्ली पहुंचकर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके का स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी समर्थक दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन में भी हिस्सा लेंगे।

घनघस के अनुसार, अमेरिका के बोस्टन में अध्ययनरत 30 वर्षीय अभिजीत दीपके 6 जून की सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां समर्थकों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद समर्थक पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर होगा प्रदर्शन

जगदीप घनघस ने बताया कि आंदोलन की प्रमुख मांगों में कथित नीट पेपर लीक, सीबीएसई और सीयूईटी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं की जांच तथा छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव को देखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग शामिल है।

5 सूत्रीय मांगों के साथ मैदान में समर्थक

घनघस ने कहा कि आंदोलन के दौरान न्यायपालिका, चुनाव व्यवस्था, महिला आरक्षण, मीडिया की स्वतंत्रता और दल-बदल विरोधी कानून को लेकर भी मांगें उठाई जाएंगी। उनका दावा है कि युवाओं से जुड़े इन मुद्दों को लेकर देशभर से समर्थन मिल रहा है।

सोशल मीडिया पर बढ़ती पकड़ का दावा

जगदीप घनघस ने दावा किया कि कॉकरोच जनता पार्टी का सोशल मीडिया अभियान तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और इसके आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर 2.24 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन युवाओं की आवाज बनकर उभर रहा है।6 जून को दिल्ली में होने वाले इस कार्यक्रम पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।