Jaipur News: जयपुर में पुलिस और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने शनिवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर दंपती के अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई सांगानेर क्षेत्र में की गई, जहां सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाए गए निर्माण को पूरी तरह हटाया गया। पूरे अभियान के दौरान पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता भी मौके पर तैनात रहा।

डीसीपी (ईस्ट) रंजिता शर्मा ने बताया कि जयपुर पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर अपराधियों, भू-माफियाओं और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस और जेडीए की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
सरकारी जमीन पर कब्जा कर बंद कर दिया था रास्ता
पुलिस के अनुसार, हिस्ट्रीशीटर दंपती श्योराज सांसी और गुड्डी सांसी, जो सांगानेर के कृष्णा विहार के रहने वाले हैं, ने सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्के और कच्चे निर्माण कर रखे थे।
बताया गया कि मकान के सामने टीनशेड लगाकर आम रास्ते पर भी अतिक्रमण कर लिया गया था, जिससे गली का रास्ता बाधित हो गया था। स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जेडीए और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सांगानेर थाना पुलिस और जेडीए के प्रवर्तन अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस की मौजूदगी में जेडीए ने बुलडोजर की मदद से सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण और अवैध निर्माण को पूरी तरह हटा दिया।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
जयपुर पुलिस और जेडीए ने साफ किया है कि अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने या आम लोगों को डराकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसे लोगों की अवैध संपत्तियों और निर्माणों की पहचान कर उन्हें हटाने की कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी।
पढ़ें ये खबरें
- IND W vs ZIM W 2nd T20I: जिम्बाब्वे ने भारत को दिया 103 रन का लक्ष्य, निकी प्रसाद ने झटके 2 विकेट
- समता रास गरबा उत्सव 2026: नौ दिनों तक भक्ति, परंपरा और उत्साह का संगम, नवमी पर 250 से ज्यादा प्रतिभागियों को दिया जाएगा आकर्षक पुरस्कार…
- सामूहिक आत्महत्या या फिर कुछ और… रेलवे ट्रैक पर मिली पटवारी की लाश: सिर धड़ से अलग, कार में मिला बच्चों का शव
- मुजफ्फरपुर में पिस्टल और चार कारतूस के साथ वांटेड गिरफ्तार, तीन गंभीर मामलों में थी तलाश
- ये क्या तमाशा है… ट्रामा सेंटर में ग्रीन कार्पेट लगाने पर भड़के मंत्री सिंधिया, घायल श्रद्धालुओं से मिलने पहुंचे थे अस्पताल
