जमशेदपुर। टेल्को के भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहे बच्चों की वैन हादसे का शिकार हो गई। एन-111 के पास चिन्मया स्कूल के विद्यार्थियों को लेकर जा रही टाटा विंगर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हुए हैं। इनमें दो बच्चों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। वैन चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं।
टक्कर के बाद बच्चों में मची अफरा-तफरी
हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। वैन के डिवाइडर से टकराने के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग और फ्लैटों में रहने वाले लोग तुरंत घटनास्थल की ओर पहुंचे। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
वैन का चैंबर फटने से हादसे की भयावहता का अंदाजा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डिवाइडर से टकराने के बाद वैन का चैंबर फट गया। हादसे में वाहन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया।
सामने आई कार, फिर अचानक बिगड़ा वैन का संतुलन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे से ठीक पहले वैन के सामने एक कार आ गई थी। प्रत्यक्षदर्शी उत्तम के अनुसार, कार वैन के काफी करीब से निकल गई। इसके बाद चालक ने पीछे की तरफ देखने की कोशिश की और इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया।
हालांकि, कार की वजह से ही हादसा हुआ था या कोई अन्य कारण था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। दुर्घटना के वास्तविक कारण की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल बच्चों और चालक को अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। दो बच्चों और चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने हादसे की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।



