जमशेदपुर। चर्चित होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे अशोक सिंह उर्फ राघव के सोनारी स्थित कार्यालय और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस ने कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की गहन जांच की।
डीएसपी की मौजूदगी में कार्यालय की तलाशी
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे सरायकेला, चौका, सोनारी और बिष्टुपुर पुलिस की टीम राघव के सोनारी स्थित कार्यालय पहुंची। कानूनी प्रक्रिया के तहत पुलिस ने राघव की पत्नी रूबी सिंह को मौके पर बुलाया।
करीब 3 बजे उनके पहुंचने के बाद डीएसपी की मौजूदगी में कार्यालय से जुड़े कागजात और अन्य सामग्रियों की जांच की गई। पुलिस टीम ने मामले से संबंधित संभावित साक्ष्यों और दस्तावेजों को खंगाला।
24 अगस्त को हुई थी निखार सबलोक की हत्या
बता दें कि 24 अगस्त को चांडिल स्थित 10th माइलस्टोन होटल के पास निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की जांच में यूपी से बुलाए गए कथित शूटरों और अशोक सिंह उर्फ राघव की भूमिका सामने आने के बाद राघव समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
फरार शूटर को धनबाद में किया गया था गिरफ्तार
हत्याकांड में शामिल एक कथित फरार शूटर को हाल ही में धनबाद के निरसा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद मामले की जांच और तेज कर दी गई है।
सबूत और दस्तावेज जुटाने के लिए छापेमारी
पुलिस के अनुसार, सोमवार को की गई कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य और दस्तावेज जुटाने के उद्देश्य से की गई। छापेमारी के बाद इलाके में दिनभर इस कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी रही।



