धनबाद। जमशेदपुर के चर्चित निखार सबलोक हत्याकांड में वांटेड आरोपी सागर सिंह उर्फ शिबू को धनबाद पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार शाम निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सागर सिंह के पैर में दो गोलियां लगीं। घायल आरोपी को इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस की टीम

पुलिस को सागर सिंह के हाथबाड़ी इलाके में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने इलाके में छापेमारी शुरू की। इसी दौरान पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टीम पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी दो गोलियां

पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई किए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई। इस दौरान सागर सिंह के पैर में दो गोलियां लगीं। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

SNMMCH में चल रहा इलाज

मुठभेड़ में घायल सागर सिंह को तत्काल धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर निखार सबलोक हत्याकांड समेत अन्य आपराधिक मामलों में उसकी भूमिका और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।