जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन के फेज-7 में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। टाटा स्टील के मर्चेंट मिल से सेवानिवृत्त पूर्व अधिकारी संदीप पाल (62) की बहुमंजिला इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे।

सुबह घर से निकले, कुछ देर बाद हुआ हादसा

घटना सोमवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, संदीप पाल बिना किसी को बताए फ्लैट से छत की ओर चले गए। कुछ देर बाद उनके नीचे गिरने की सूचना से परिसर में हड़कंप मच गया।आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल टीएमएच पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। घटनास्थल की जांच के साथ पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

बेटी के मुंबई जाने के बाद बढ़ी थी चिंता

पुलिस के अनुसार, संदीप पाल करीब 15 दिन पहले अपनी बेटी का मुंबई के एक कॉलेज में दाखिला कराने गए थे। वहां से लौटने के बाद वह काफी तनाव में रहने लगे थे।

परिजनों के मुताबिक, बेटी के मुंबई में रहने और वहां के माहौल को लेकर वह उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। इसी वजह से वह पिछले कुछ दिनों से परेशान बताए जा रहे थे।

घटना के समय घर पर सो रहे थे परिजन

परिवार से जुड़े शंकर हेंब्रम ने बताया कि घटना के वक्त वह घर पर सो रहे थे। बाद में हादसे की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी बताया कि मुंबई से लौटने के बाद संदीप पाल काफी परेशान नजर आ रहे थे।

मौत की वजह स्पष्ट नहीं

बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में मानसिक तनाव की बात सामने आई है, लेकिन घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।