बिंदापाथर (जामताड़ा)। जामताड़ा के फतेहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुर्गाबनी-नाला मुख्य सड़क पर बारहघरिया गांव के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान आसनहेरिया गांव निवासी रोविन मोहली के रूप में हुई है।
अचानक अनियंत्रित हुई बाइक, पेड़ से जा टकराई
बताया गया कि रोविन मोहली बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान बारहघरिया गांव के समीप अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोविन के सिर में गंभीर चोट लगी और वह सड़क पर गिर गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
सुबह 11 बजे हुआ हादसा, मौके पर पहुंची पुलिस
घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही बिंदापाथर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक आखिर किस वजह से अनियंत्रित हुई। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
हेलमेट नहीं पहना था रोविन
पुलिस के अनुसार, हादसे के वक्त रोविन ने हेलमेट नहीं पहना था। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिर पर हेलमेट होता तो चोट की गंभीरता कम हो सकती थी। हालांकि, हेलमेट से जान बचती या नहीं, यह निश्चित रूप से कहना संभव नहीं है। घटना ने एक बार फिर बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने की जरूरत को सामने ला दिया है।



