विजय कुमार, जमुई। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जमुई जिला मुख्यालय देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। कलेक्ट्रेट कार्यालय, शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग, डीसी कार्यालय और श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम को रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटों से सजाया गया है। शाम होते ही रोशनी से जगमगाते सरकारी भवन और स्टेडियम लोगों के आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। सजावट के माध्यम से सरकारी कार्यालयों को आकर्षक रूप दिया गया है। तिरंगे की रोशनी और रंगीन लाइटों से सजे भवन आजादी के पर्व की भव्यता और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित कर रहे हैं।
सीएम ने सरकारी आवास पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज
स्वतंत्रता दिवस से पहले बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को याद करते हुए देश की एकता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।
सम्राट चौधरी ने तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की और लिखा, उन्होंने “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा!” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर उन्होंने लोकसेवक आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को स्मरण किया।
गांधी मैदान में सीएम फहराएंगे राष्ट्रीय ध्वज
बिहार में कल 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया है, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और परेड तथा विकास योजनाओं से जुड़ी आकर्षक झांकियां निकाली जाएगी। स्वतंत्रता दिवस और राजकीय समारोह को लेकर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है।
ये भी पढ़ें- ‘बांकीपुर में नए युग की शुरुआत’, 17 अगस्त को विधायक पद की शपथ लेंगे प्रशांत किशोर


