विजय कुमार/जमुई। शहर के कृष्णपट्टी मोहल्ला एक शर्मनाक पारिवारिक विवाद का केंद्र बन गया है। यहां एक 60 वर्षीय वृद्ध मां कुंती देवी ने अपने ही छोटे पुत्र और बहू पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। कुंती देवी ने आरोप लगाया है कि संपत्ति हड़पने की नीयत से उनके बेटे और बहू उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
बेटे की दूसरी शादी और बढ़ी मुसीबतें
पीड़िता कुंती देवी, जो स्वर्गीय नरेश प्रसाद की पत्नी हैं ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके छोटे बेटे आदित्य कौशल कुमार ने अपनी पहली पत्नी भाग्य लक्ष्मी के होते हुए हाल ही में अंबिका नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली है। मां का आरोप है कि दूसरी शादी के बाद से ही उनके बेटे और बहू का व्यवहार उनके प्रति बेहद क्रूर हो गया है। जबकि उन्होंने पहले ही अपने दोनों बेटों के लिए अलग-अलग फ्लैट की व्यवस्था कर दी थी ताकि बुढ़ापे में शांति से रह सकें बावजूद इसके छोटा बेटा और बहू पैतृक मकान को अपने नाम कराने का दबाव बना रहे हैं।
मारपीट और मोबाइल तोड़ना
प्रताड़ना का सिलसिला तब और बढ़ गया जब 28 मई 2026 को आरोपी बेटे और बहू ने कुंती देवी के साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़िता ने बताया कि जब उन्होंने डायल 112 को फोन कर पुलिस सहायता मांगी, तो आरोपियों ने फोन छीनकर तोड़ दिया ताकि वह मदद न मांग सकें। हृदय रोग से जूझ रहीं कुंती देवी ने रोते हुए बताया कि वे इस कदर डरी हुई हैं कि उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।

प्रशासन से न्याय की मांग
बुधवार को पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर जमुई महिला थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी अनुमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) को भी दी है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। पीड़िता अब अपनी सुरक्षा और संपत्ति के अधिकार की रक्षा के लिए पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद कर रही है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग आरोपी बेटे-बहू की इस हरकत की कड़ी निंदा कर रहे हैं।

