जमुई। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के काला गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहां एक युवक की उसी के ससुराल वालों ने निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान झारखंड के देवघर जिले के सुगापरी गांव निवासी जितेंद्र पंडित के रूप में हुई है। हत्या के बाद शव को घर के पीछे 3 फीट गड्ढा खोदकर दफना दिया गया था।
अवैध संबंधों और पारिवारिक कलह का खूनी अंत
मृतक जितेंद्र करीब 10 साल से अपने ससुराल में ‘घर जमाई’ बनकर रह रहा था। स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, जितेंद्र का अपनी सास के साथ अवैध संबंध था। आरोप है कि वह अपनी बड़ी साली के साथ भी संबंध बनाने का दबाव डालता था, जिसका विरोध करने पर वह घर में अक्सर मारपीट करता था। पत्नी के अनुसार, जितेंद्र शराब का आदी हो चुका था और काम पर जाने में भी आना-कानी करने लगा था, जिससे घर में तनाव का माहौल था।
नींद में उतारा मौत के घाट
जांच में सामने आया है कि बुधवार (20 मई) की रात जब जितेंद्र छत पर गहरी नींद में सो रहा था, तब उसकी पत्नी और साले ने मिलकर उसके सिर पर हमला कर दिया। हमले में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को घर के पिछले हिस्से में दफना दिया गया। ग्रामीणों को जब घर से दुर्गंध महसूस हुई, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई और विरोधाभासी बयान
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी सजनी देवी, सास फागो देवी, साली संगीता देवी और साले की पत्नी कंचन देवी को हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपी साला गौतम पंडित फिलहाल फरार है।
शुरुआत में पत्नी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि जितेंद्र छत से गिरकर मर गया था। हालांकि, पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई। सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने पुष्टि की है कि युवक की हत्या सिर पर चोट लगने से हुई है। मृतक की मां मालती देवी के बयान पर पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है और फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

