विजय कुमार/जमुई। जमुई टाउन थाना क्षेत्र के इकेरिया गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दबंग पड़ोसियों ने नाले का पानी रोकने का विरोध करने पर एक पिता और उनके दो बेटों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने शनिवार दोपहर टाउन थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और न्याय की गुहार लगाई।
नाले के पानी को लेकर हुआ विवाद
पीड़ित मोहन राम ने अपनी शिकायत में बताया कि शनिवार दोपहर को हुई तेज बारिश के बाद उनके पड़ोसी सुरेंद्र राम, विकास राम उर्फ साजन, विद्यासागर राम और इंदु देवी ने दबंगई दिखाते हुए घर के सामने स्थित नाले को बंद कर दिया। इस वजह से बरसाती पानी सीधे मोहन राम के घर में घुसने लगा जिससे काफी नुकसान हुआ।
मोहन राम ने आगे बताया कि जब वह और उनके दोनों पुत्र, बमबम राम व शुभम कुमार, पानी की निकासी के लिए नाला खोलने गए, तो नामजद आरोपितों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपितों के हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की रॉड थी, जिससे तीनों बुरी तरह घायल हो गए। आनन-फानन में तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
उल्टा केस दर्ज कराने का आरोप
पीड़ित ने पुलिस को दी गई अर्जी में यह भी स्पष्ट किया है कि दबंग पक्ष ने अपनी गलती छिपाने और उन्हें फंसाने के लिए पुलिस को गुमराह कर उल्टा झूठा आवेदन दिया है। पीड़ित मोहन राम ने इसे दबंगई का चरम बताते हुए कहा कि नाला बंद करने वाले लोग ही अब उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं।
पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के बाद से पीड़ित परिवार काफी डरा हुआ है और प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहा है। थाने में आवेदन देकर मोहन राम ने मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज या स्थानीय लोगों से पूछताछ करे ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक थाना प्रभारी ने उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

