Bihar News: सीएम सम्राट चौधरी ने आज रविवार (16 अगस्त) को जमुई के झाझा स्थित बोड़बा बस स्टैंड परिसर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान सीएम सम्राट ने सरदार पटेल के योगदानों को याद करते हुए कहा कि, उन्होंने अखंड भारत का सपना देखा और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। इस दौरान बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार और दामोदर रावत भी मौजूद रहे।

सरदार पटेल ने पूरा किया अखंड भारत का सपना- सीएम

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि, आज का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदानों का जिक्र करते हुए कहा कि, जिस व्यक्ति ने भारत के निर्माण और अखंड भारत का सपना देखा, उनकी प्रतिमा का अनावरण करना गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, जब आजादी मिली तो महात्मा गांधी ने जरूर अखंड भारत का सपना देखा था, लेकिन इसे पूरा सरदार पटेल ने किया था।

विकसित बिहार हमारा संकल्प- सीएम सम्राट

सीएम ने कहा, नीतीश कुमार के समय में भी हमने इस प्रतिमा की स्थापना को लेकर कई बार चर्चा की लेकिन हम इस काम को नहीं कर पाए थे। हमने निर्णय लिया कि हम मिलकर सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण करने का काम 16 तारीख को करेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का सपना देखा है और नीतीश कुमार ने जो विकसित बिहार का सपना देखा है और इस सपने को ही साकार करने का संकल्प हमारा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद भारत के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक देश को एक सूत्र में बांधना था। सरदार पटेल ने अपनी राजनीतिक इच्छाशक्ति और दृढ़ नेतृत्व के जरिए इस चुनौती का सामना किया। यही कारण है कि आज भी उन्हें देश की एकता और अखंडता के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।

विकास के लिए काम कर रही है सरकार

सीएम सम्राट ने कहा कि, हमारी सरकार बिहार के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में विकास को गति देने का काम किया जा रहा है। राज्य को मजबूत बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के स्तर पर कई योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। सरदार पटेल की प्रतिमा अनावरण को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।

ये भी पढ़ें- बीजेपी का कांग्रेस पर तीखा हमला, वंदे मातरम के अपमान पर राहुल-सोनिया मांगें माफी