जमुई। जिले के किऊल-झाझा रेलखंड पर मंगलवार सुबह ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तार में तकनीकी खराबी आने से रेल परिचालन प्रभावित हो गया। मननपुर और जमुई स्टेशन के बीच आई इस खराबी के कारण कई ट्रेनों की आवाजाही बाधित हुई। सबसे ज्यादा असर पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस और बक्सर-टाटानगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर पड़ा, जो अपने निर्धारित समय से काफी देरी से गंतव्य की ओर रवाना हुईं। जानकारी के अनुसार पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का जमुई स्टेशन पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:50 बजे था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन करीब डेढ़ घंटे की देरी से सुबह 11:24 बजे स्टेशन पहुंची। वहीं, बक्सर-टाटानगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जिसे सुबह 9:25 बजे पहुंचना था, लगभग दो घंटे की देरी से सुबह 11:30 बजे जमुई स्टेशन पहुंची।

किऊल स्टेशन पर रोकना पड़ा

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ओवरहेड तार में आई खराबी के चलते वंदे भारत एक्सप्रेस को किऊल स्टेशन पर रोकना पड़ा, जबकि बक्सर-टाटानगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस मननपुर स्टेशन पर काफी देर तक खड़ी रही। ट्रेनों के लंबे समय तक रुकने से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों की आगे की यात्रा प्रभावित हुई, जबकि कुछ लोगों की जरूरी बैठकों और अन्य कार्यक्रमों पर भी इसका असर पड़ा। तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियर और तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने ओवरहेड तार की जांच कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया। कुछ समय की मशक्कत के बाद खराबी को दूर कर रेल लाइन को फिर से सुरक्षित बनाया गया, जिसके बाद ट्रेनों का परिचालन धीरे-धीरे सामान्य कर दिया गया।

असुविधा के लिए खेद भी जताया

जमुई स्टेशन मास्टर नीतीश कुमार ने बताया कि डाउन लाइन के ओवरहेड तार में तकनीकी समस्या आने के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ था। उन्होंने कहा कि खराबी पूरी तरह ठीक कर ली गई है और अब रेल परिचालन सामान्य रूप से जारी है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है।