वीरेंद्र कुमार/नूरसराय। किसी ने सच ही कहा है कि होनी को कोई नहीं टाल सकता। नूरसराय थाना क्षेत्र के गनपुरा गांव में खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब एक ही घर से बहन की डोली और भाई की अर्थी एक साथ उठी। थरथरी थाना क्षेत्र के मेंहतरमा निवासी 25 वर्षीय स्वागत कुमार की बिजली की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
चेन्नई से आया था खुशियां बांटने
स्वागत कुमार चेन्नई की एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत था और परिवार का मुख्य सहारा था। अपनी सगी बहन की शादी में शामिल होने के लिए वह बड़े अरमानों के साथ घर आया था। घर में बारात आने की तैयारी चल रही थी और चारों तरफ उत्सव का माहौल था। स्वागत घर की व्यवस्थाओं को संभालने में पूरी तरह व्यस्त था।

खेत में गिरे 440 वोल्ट के तार ने ली जान
हादसा उस वक्त हुआ जब स्वागत किसी काम से घर के पास के खेत की ओर गया। वहां पहले से टूटा हुआ 440 वोल्ट का बिजली का तार जमीन पर पड़ा था, जिस पर उसकी नजर नहीं गई। जैसे ही वह इसकी चपेट में आया, वह बुरी तरह झुलस गया। परिजन उसे तुरंत नूरसराय स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे बिहार शरीफ रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बहन की खुशियों के लिए छिपाया गम
पिता राजकुमार पासवान ने बताया कि 18 जून को ही परिवार ने एक करीबी रिश्तेदार को खोया था। उस सदमे से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि स्वागत की मौत ने कमर तोड़ दी। घर के बुजुर्गों ने बड़ी हिम्मत दिखाई और बेटी के भविष्य के लिए इस दुखद खबर को शादी की रस्मों के बीच छिपाए रखा। नम आंखों और भारी मन से परिजनों ने पहले बेटी की विदाई की रस्में पूरी कीं और जैसे ही डोली विदा हुई, घर चीखों से गूंज उठा।
गांव में पसरा सन्नाटा
छह बहनों और चार भाइयों में स्वागत सबसे मिलनसार था। उसकी असामयिक मौत से पूरा गनपुरा गांव गमगीन है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एक हंसता-खेलता परिवार अब बिखर चुका है, जहां कुछ घंटों पहले शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां अब केवल सन्नाटा पसरा है।

