प्रमोद कुमार/​भभुआ/कैमूर। जिले के भभुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बबुरा गांव में खुशियों का माहौल उस समय मातम और दहशत में बदल गया, जब एक परिवार पर गांव के ही दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। बेटी की सगाई की तैयारियों में जुटे एक शख्स को दबंगों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और उनके दोनों पैर तोड़ दिए।

​गौ तस्करी का विरोध बना हमले की वजह

​घायल हीरा राम ने बताया कि इस बर्बर हमले के पीछे की मुख्य वजह उनका गांव में हो रही गौ तस्करी का विरोध करना है। उन्होंने कई बार अवैध तरीके से ले जाए जा रहे पशुओं को रोकने की कोशिश की थी, जिससे स्थानीय दबंग उनसे रंजिश रखने लगे थे। इसी का बदला लेने के लिए आज उन्होंने उस समय हमला किया, जब पूरा परिवार घर में बेटी की सगाई के जश्न की तैयारियों में व्यस्त था।

​सगाई का घर बना रणक्षेत्र

​पीड़ित परिवार के अनुसार अचानक 10 से 12 की संख्या में पहुंचे दबंगों ने घर पर धावा बोल दिया। आरोपियों ने न केवल हीरा राम पर जानलेवा हमला किया, बल्कि घर के बाहर खड़ी मेहमानों की तीन बाइकों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे जान बचाकर इधर-उधर भागते रहे। हीरा राम अकेले थे, जबकि हमलावर हथियारों से लैस होकर आए थे। बेरहमी से की गई पिटाई में हीरा राम के दोनों पैर टूट गए हैं।

​पुलिस से न्याय की गुहार

​घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल को आनन-फानन में भभुआ सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हीरा राम की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित ने रोते हुए प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, उन्होंने अपनी क्षतिग्रस्त बाइकों और घर के नुकसान के लिए उचित मुआवजे की भी मांग की है।
​इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है। फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी है और हमलावरों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है। लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि गौ तस्करी जैसे सामाजिक बुराई का विरोध करने पर एक पिता को सगाई के दिन इस तरह की सजा भुगतनी पड़ी।