विजय कुमार, जमुई। बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव 2026 को लेकर जमुई जिले के 11 केंद्रों पर शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। मतदान को लेकर शिक्षकों और स्नातक मतदाताओं में गजब का उत्साह देखा जा रहा है। कई मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। जिला प्रशासन ने निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव के लिए सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है।
पहली बार वोट करने पहुंची शिक्षिका अंशु प्रिया ने क्या कहा?
जमुई अंचल कार्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र पर पहली बार वोट डालने पहुंचीं प्लस टू विद्यालय सतायन की शिक्षिका अंशु प्रिया आकर्षण का केंद्र रहीं। मूल रूप से पटना की रहने वाली अंशु प्रिया ने बताया कि वह फिलहाल सतायन हाईस्कूल में प्लस टू की शिक्षिका हैं। उन्होंने कहा, “मैं पहली बार मतदान कर रही हूं। मैंने शिक्षकों की मांगों को ध्यान में रखते हुए मतदान किया है। मेरी प्रमुख मांग सातवें वेतनमान और तबादले की व्यवस्था है। उम्मीद है हमारी मांगों पर ध्यान दिया जाएगा।”
वहीं, गिद्धौर अंचल में पहली बार मतदान करने पहुंचे स्नातक युवक वीरेंद्र यादव और राहुल कुमार यादव ने कहा कि उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद के साथ वोट किया है। जिले के चकाई, झाझा, खैरा, सोनो, लक्ष्मीपुर, बरहट अंचल कार्यालयों में भी मतदाताओं में उत्साह देखा गया।
6455 मतदाता करेंगे 15 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
जिले में जमुई अंचल कार्यालय सहित सभी 10 अंचल कार्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चुनाव में जिले के कुल 6,455 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 5,252 पुरुष और 1,203 महिला मतदाता शामिल हैं। कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।
पोस्टर विवाद पर प्रशासन ने की कार्रवाई
इधर, मतदान के दौरान जमुई अंचल कार्यालय स्थित मतदान केंद्र के बाहर एक दुकान की दीवार पर प्रत्याशी का पर्चा चिपकाए जाने की सूचना पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की। मौके पर पहुंची टीम ने दीवार से पोस्टर हटवा दिया। पोस्टर पर क्रमांक चार के प्रत्याशी डॉ. एनके यादव का नाम लिखा था। प्रशासन ने दुकान के पास बने कार्यालय को भी तत्काल हटवा दिया।
सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने सभी पदाधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। चुनाव प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर वीडियोग्राफी कराई जा रही है और मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक है।
ये भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव: मतदान के बीच अनंत सिंह के आवास पर मन रहा जीत का जश्न, अनुज सिंह को दिया है समर्थन

