विजय कुमार, जमुई। जिले में एक नाबालिग किशोरी के साथ हुई अमानवीय घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस दुखद और संवेदनशील मुद्दे पर बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC-ST) कल्याण मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मैं खुद निःशब्द हूं, सभी आरोपी जल्द होंगे गिरफ्तार
कैमूर जिले के दौरे पर पहुंचे मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि जमुई की इस घटना से पूरा बिहार मर्माहत है। उन्होंने कहा जिस तरह से उस बच्ची के साथ यह घटना हुई है, उसे देखकर मैं खुद निःशब्द हूं। मंत्री ने जानकारी दी कि पुलिस अब तक इस मामले में तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य संलिप्त लोगों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी जारी है। उन्होंने दोहराया कि नीतीश सरकार के राज में कानून तोड़ने वाला कोई भी अपराधी कानून की गिरफ्त से बच नहीं पाएगा।
विपक्ष के हमलों पर पलटवार
कैमूर में अपने सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान के तहत पहुंचे मंत्री ने सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने एससी-स्टे कल्याण छात्रावासों और पंचायत भवन सहित अन्य सभी सरकारी भवनों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर इनका सौंदर्यीकरण किया जाए। दीपावली तक सभी सरकारी भवनों का कायाकल्प पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध माता मुंडेश्वरी मंदिर पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाया और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।
जब मंत्री से यह सवाल किया गया कि विपक्ष इस घटना को लेकर राज्य में ‘जंगलराज’ की वापसी बता रहा है, तो उन्होंने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बिहार में पूरी तरह कानून का राज है और अपराध करने वाला कोई भी शख्स बचेगा नहीं।
तेजस्वी यादव और विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि बिहार में विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं बची है, वे सिर्फ बयानबाजी करना जानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ पीड़ितों से मिलने विपक्ष का कोई नेता नहीं गया, जबकि मुख्यमंत्री ने खुद दो-दो बार बाढ़ क्षेत्रों का दौरा किया। विपक्ष के नेता सिर्फ पुलों पर जाकर फोटो खिंचवाते हैं और विधानसभा सत्र के दौरान भी सदन से गायब रहते हैं। सरकार हर मोर्चे पर जनता के साथ खड़ी है और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।



