विजय कुमार, जमुई। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का काफिला आज रविवार को जमुई में हादसे का शिकार हो गया। दरअसल काफिले में शामिल दो वाहन जिला मुख्यालय स्थित परिसदन भवन के पास आपस में टकरा गए। टक्कर के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थिति सामान्य होने के बाद मंत्री का काफिला अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया।
बाल-बाल बचे जदयू नेता शैलेंद्र महतो
दरअसल निशांत कुमार के काफिले में शामिल जमुई जदयू अध्यक्ष शैलेंद्र महतो की थार गाड़ी को पीछे से आ रही स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। दोनों वाहनों में टक्कर के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। काफिले के साथ चल रहे सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाला और यह सुनिश्चित किया कि किसी व्यक्ति को चोट तो नहीं लगी है। इसके बाद काफिला आगे के लिए रवाना हो गया।
सीएम के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे निशांत
बता दें कि झाझा में आयोजित मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के स्वागत को लेकर परिवहन मंत्री दामोदर रावत, जदयू जिला अध्यक्ष शैलेंद्र महतो, पूर्व MLC संजय सिंह प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेश साव के साथ सैकड़ो की संख्या में कार्यकर्ताओं के द्वारा जमुई लखीसराय सीमा पर स्वागत कर काफिले के साथ वापस आ रहे थे। इसी क्रम में कचहरी चौक हनुमान मंदिर के समीप जदयू के जिला अध्यक्ष के थार को काफिले में पीछे चल रही स्कार्पियो ने ठोकर मार दी।
झाझा में सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण
सीएम सम्राट चौधरी ने आज रविवार (16 अगस्त) को जमुई के झाझा स्थित बोड़बा बस स्टैंड परिसर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान सीएम सम्राट ने सरदार पटेल के योगदानों को याद करते हुए कहा कि, उन्होंने अखंड भारत का सपना देखा और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। इस दौरान बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार और दामोदर रावत भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बीजेपी का कांग्रेस पर तीखा हमला, वंदे मातरम के अपमान पर राहुल-सोनिया मांगें माफी


