जमुई। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तहत जिला नियोजनालय जमुई की ओर से 29 मई 2026 को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जॉब कैंप संयुक्त श्रम भवन, सोनो में आयोजित होगा, जहां निजी कंपनी में नौकरी पाने का सुनहरा मौका युवाओं को मिलेगा। जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि शिविर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।

प्राइवेट लिमिटेड कंपनी भाग ले रही

इस रोजगार शिविर में टैलेंट कॉर्प सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी भाग ले रही है। कंपनी ट्रेनी प्रोडक्शन पद के लिए भर्ती करेगी। कुल 35 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की पोस्टिंग महाराष्ट्र के पुणे में होगी। खास बात यह है कि चयन प्रक्रिया सीधे इंटरव्यू के आधार पर पूरी की जाएगी, जिससे युवाओं को बिना लंबी परीक्षा प्रक्रिया के रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

आयु सीमा 18 से 35 वर्ष तय

भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष तय की गई है। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर 10वीं, 12वीं, आईटीआई, बीए और डिप्लोमा पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। कंपनी की ओर से चयनित युवाओं को प्रतिमाह 18,500 रुपये से लेकर 24,500 रुपये तक वेतन दिया जाएगा। हालांकि यह भर्ती केवल पुरुष अभ्यर्थियों के लिए रखी गई है।

जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा

जिला नियोजनालय ने बताया कि शिविर में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। उम्मीदवारों को अपने साथ बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा। जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार शिविर में भाग लेने की अपील की है। उनका कहना है कि यह पहल स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।