विजय कुमार,जमुई। जिले के खैरा प्रखंड में PM श्री योजना के तहत विद्यालय मर्जर को लेकर मंगलवार सुबह बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। उत्क्रमित मध्य विद्यालय नवडीहा के 6वीं से 8वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने अपने अभिभावकों के साथ खैरा BRC गेट और खैरा हाई स्कूल चौक को घंटों जाम कर दिया। बच्चे अपने विद्यालय को दूसरे स्कूल में मर्ज किए जाने का विरोध कर रहे थे।
प्रदर्शन कर रहे बच्चों में सुमित कुमार, आदित कुमार, नीतीश, आदर्श कुमार, सत्यम कुमार, सुमन कुमार, रौनक कुमार, निशा कुमारी, रिया कुमारी, संध्या कुमारी और अंशु कुमारी समेत कई छात्र-छात्राएं शामिल थे। कक्षा 8 के छात्र कुमार रत्नाकर ने बताया कि PM श्री योजना के तहत नवडीहा विद्यालय के बच्चों को खैरा हाई स्कूल भेजने का आदेश दिया गया है, जिससे बच्चे नाराज हैं। उनका कहना था कि वे अपने पुराने विद्यालय में ही पढ़ाई करना चाहते हैं।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि नवडीहा विद्यालय से खैरा हाई स्कूल की दूरी करीब 1 से डेढ़ किलोमीटर है और बच्चों को NH-333 होकर जाना पड़ेगा, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहेगा। अभिभावक अनीता देवी और सोनी देवी ने कहा कि छोटे बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला सही नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले इस विद्यालय को खैरा परियोजना में शामिल किया गया था, लेकिन पैरवी के जरिए बच्चों को दूसरे विद्यालय भेजा जा रहा है।
कड़कती धूप में बच्चों और महिलाओं ने नवडीहा से पैदल करीब एक किलोमीटर दूरी तय कर BRC गेट के पास विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भीषण गर्मी के कारण कुछ बच्चे बेहोश हो गए, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक ललन मेहता ने बताया कि विभागीय आदेश के तहत बच्चों को हाई स्कूल में नामांकन कराने की जानकारी दी गई थी। 23 मई को ही बच्चों को हाई स्कूल भेजने को लेकर आदेश प्राप्त हुआ था। इसके बाद बच्चे घर जाकर अपने अभिभावकों के साथ विरोध प्रदर्शन करने लगे।
जानकारी के अनुसार जिले में PM श्री योजना के तहत कुल 17 विद्यालयों का मर्जर किया गया है। मामले की सूचना मिलने पर खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मिंटू कुमार सिंह के निर्देश पर एसआई ईशा ने बच्चों और अभिभावकों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। वहीं खैरा BEO महेश कुमार ने बताया कि अधिकारी अवकाश पर हैं। अभिभावकों से आवेदन लेने के बाद मामले को जिला स्तर के अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा।
ये भी पढ़ें- एटीएम में फर्जी मदद का झांसा: महिला के खाते से उड़ाए 22,500 रुपये, शातिर ठगों ने बनाया शिकार

