विजय कुमार/जमुई। जिले के बरहट थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह अपराधियों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक सरकारी शिक्षक और मुखिया पुत्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। इस जानलेवा हमले में शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं लेकिन गनीमत रही कि उनके द्वारा पहना गया हेलमेट उनकी जिंदगी का रक्षक बन गया।
घटना का विवरण
घायल शिक्षक गौतम कुमार दास लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के मटिया गांव के निवासी हैं और पूर्व मुखिया महेश रविदास के पुत्र हैं। उनकी मां मोहनी देवी वर्तमान में पंचायत की मुखिया हैं। गौतम लखीसराय जिले के कजरा पंचायत स्थित एक सरकारी विद्यालय में कार्यरत हैं। शुक्रवार सुबह करीब चार बजे वह अपनी बाइक से जमुई रेलवे स्टेशन जा रहे थे ताकि वहां से ट्रेन पकड़ सकें।
पीड़ित शिक्षक ने बताया कि मोहनपुर गांव के पास से ही एक संदिग्ध बाइक उन्हें लगातार फॉलो कर रही थी और ओवरटेक करने की कोशिश में थी। जैसे ही वे बिशनपुर गांव के पास पहुंचे और उन्होंने अपनी बाइक की रफ्तार धीमी की, पहले से घात लगाकर बैठे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया।


हेलमेट बना सुरक्षा कवच
हमले के दौरान एक गोली गौतम के दाहिने कंधे के नीचे लगी और आर-पार निकल गई। गोली लगते ही वे सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के बयानों के अनुसार अपराधियों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से उनके सिर को निशाना बनाकर दूसरी गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि उस समय उनके सिर पर मौजूद हेलमेट सुरक्षा कवच बनकर सामने आया। अपनी जान बचाने के लिए शिक्षक ने हिम्मत जुटाई और हेलमेट को मजबूती से संभालते हुए जान बचाकर गांव की ओर भाग निकले। अपराधी मौके का फायदा उठाकर मलयपुर की दिशा में फरार हो गए।
पुलिस जांच और राजनीतिक रंजिश का एंगल
घटना की सूचना मिलते ही बरहट थाना की गश्ती टीम और एएसआई मनोज कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल शिक्षक को सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।
वर्तमान मुखिया मोहनी देवी ने इस हमले के पीछे पूर्व की धमकियों का हवाला दिया है उन्होंने मुकेश कुमार नामक व्यक्ति पर आरोप लगाया है। वहीं घायल शिक्षक ने भी इस हमले के पीछे राजनीतिक विरोधियों की साजिश होने की आशंका जताई है। जमुई के एसडीपीओ सतीश सुमन ने कहा कि पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। बरहट और लक्ष्मीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि शिक्षक का औपचारिक बयान दर्ज होने के बाद कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।

