Bankipur By-election 2026: बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान होते ही सियासी घमासान तेज हो गया है। सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। इस बीच आज गुरुवार को प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस यह घोषणा की है कि उनकी पार्टी जनसुराज बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में अपना उम्मीदवार उतारेगी और पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी। जन सुराज के इस ऐलान के साथ ही पटना की बांकीपुर सीट को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है।
प्रशांत किशोर को चुनाव लड़ाने की मांग

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि, बांकीपुर विधानसभा की जनता भाजपा के कुशासन से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। यही वजह है कि अब क्षेत्र के लोग खुद प्रशांत किशोर को बांकीपुर सीट से चुनाव लड़ने की मांग कर रहे हैं। प्रशांत के नाम पर पार्टी में भी लोगों की एक राय बनती दिख रही है। हालांकि प्रशांत किशोर खुद बांकीपुर से चुनाव लड़ते हैं या फिर किसी दूसरे प्रत्याशी पर दांव खेलते हैं? यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
5 जुलाई को होगा प्रत्याशी का ऐलान
मिली जानकारी के अनुसार जल्द ही जन सुराज की कोर कमेटी की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने वाली है। उम्मीद है कि कोर कमेटी की इस बैठक में ही सभी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए बांकीपुर सीट पर पार्टी से कौन उपचुनाव लड़ेगा इसपर आखिरी मुहर लगाई जा सकती है। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया है कि 5 जुलाई को एक प्रेस वार्ता के माध्यम से उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
बांकीपुर उपचुनाव का पूरा कार्यक्रम
नितिन नबीन के राज्यसभा जाने और उनके बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद खाली हुई बांकीपुर सीट हो रहा उपचुनाव बिहार की सियासत के लिए हाई-प्रोफाइल सीट बन गई है। चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचा के अनुसार बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक चलेगी। इस दौरान उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। वहीं, नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। मतदान प्रक्रिया 30 जुलाई को संपन्न होगी, जिसके पश्चात सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3 अगस्त को मतगणना के दिन होगा।
ये भी पढ़ें- बिहार में लागू हुई VB GRAM-G योजना, श्रवण कुमार बोले- 6,715 करोड़ रुपये का अंतरिम बजट निर्धारित

