Bihar News: बिहार में आज गुरुवार (2, जुलाई) को विकसित भारत-ग्रामीण रोजगार एवं आजीविका गारंटी अधिनियम ग्रामीण (VB GRAM-G) योजना विधिवत रूप से लागू हो गया। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने अधिवेशन भवन में राष्ट्रीय स्तर पर लागू इस नए अधिनियम की शुरुआत की। इस मौके पर मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि, अब इस योजना में श्रमिकों के मजदूरी पर मद में लगभग 4,500 करोड़ रुपये बिहार को शेयर देना होगा। पहले एक रुपये भी शेयर नहीं देना पड़ता था।
6,715 करोड़ रुपये का अंतरिम बजट निर्धारित
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि, VB GRAM-G योजना के लिए राज्य बजट में अकुशल मजदूरी मद में भारी-भरकम राशि का प्रावधान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि बिहार जैसे राज्य में योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार से 6 हजार 715 करोड़ रुपये का अंतरिम बजट निर्धारित किया गया है। इस नई योजना के मुख्य विजन के तहत ग्राम पंचायतों में स्थायी बुनियादी ढांचे के निर्माण पर विशेष बल दिया जा रहा है।
भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया था मनरेगा- चिराग पासवान
इस मौके पर पटना पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि, यह तय था कि विकसित भारत VB GRAM-G योजना को देशभर में लागू किया जाएगा। जिस तरीके से मनरेगा को भ्रष्टाचार का एक अड्डा बना दिया गया था। इन चीजों को खत्म करने की सोच के साथ और सही मायनों में जो लाभार्थी हैं, उनको इस योजना से जोड़कर इसका उन्हें लाभ मिले, इसके लिए इसमें कई प्रावधान तैयार किए गए।
ताकि मजदूर वर्ग को सम्मान के साथ उनको कार्य करने की व्यवस्था तैयार करके दी जाए। इस सोच के साथ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लंबे समय से इस योजना पर कार्य हो रहा था और अब इसको लागू किया गया है। मैं मानता हूं कि आने वाले दिनों में इसका लाभ भी देश की बड़ी आबादी को देखने को मिलेगा।
ये भी पढ़ें- ‘CM की मंजूरी के बिना संभव नहीं’, भरत तिवारी एनकाउंटर में नामजद IPS के तबादले पर तेजस्वी का हमला

