पटना। बिहार में एमएलसी चुनाव से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी ने तिरहुत क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठाते हुए निर्वाचन आयोग से तत्काल सुधार की मांग की है। पार्टी का दावा है कि सूची में एक ही नाम दो-दो बार दर्ज होने के कुल 1668 मामले सामने आए हैं। इसे लेकर जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।

दो दिन पहले उठाया था मामला

मनोज भारती ने बताया कि पार्टी ने दो दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए एमएलसी चुनाव की जारी मतदाता सूची में कथित विसंगतियों को सार्वजनिक किया था। इस दौरान तिरहुत क्षेत्र में मिले डुप्लीकेट नामों की सूची भी सामने रखी गई थी। अब पार्टी ने इसी मुद्दे को लेकर निर्वाचन आयोग के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।
भारती के मुताबिक आयोग ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए सूची में सामने आई गड़बड़ियों का संज्ञान लिया है। आयोग की ओर से बताया गया कि चुनाव की घोषणा होने तक मतदाता सूची में जरूरी संशोधन की प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके बाद प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची के आधार पर ही एमएलसी चुनाव कराया जाएगा।

प्रक्रिया बदलने की मांग

जन सुराज ने आयोग से विधान परिषद चुनाव की मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया में बदलाव की मांग भी की है। पार्टी का सुझाव है कि जिस तरह विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए मतदाता सूची तैयार और संशोधित की जाती है, उसी तरह की व्यवस्था एमएलसी चुनाव में भी अपनाई जाए। पार्टी ने कहा कि पुनरीक्षण के दौरान स्नातक और शिक्षक मतदाताओं के लिए अलग-अलग कॉलम बनाए जाएं। इसके बाद दोनों श्रेणियों को अलग-अलग छांटकर मतदाता सूची तैयार की जाए। जन सुराज का कहना है कि इससे डुप्लीकेट नाम और दूसरी विसंगतियां पकड़ने में आसानी होगी।

बदलाव अधिकार क्षेत्र का विषय नहीं

मनोज भारती के अनुसार आयोग ने बताया कि मतदाता सूची तैयार करने की मौजूदा विधि और प्रक्रिया में बदलाव कानूनी प्रावधानों से जुड़ा मामला है। इसलिए इसे सीधे आयोग के स्तर पर बदलना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इस पर जन सुराज ने मांग की कि पार्टी के सुझावों को केंद्रीय निर्वाचन आयोग तक भेजा जाए, ताकि एमएलसी मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जरूरी बदलाव पर विचार हो सके।

अंतिम सूची में सुधार का आश्वासन

जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ ने कहा कि पार्टी ने आयोग के सामने मतदाता सूची में मौजूद कथित गड़बड़ियों के प्रमाण भी रखे हैं। उनके मुताबिक, आयोग ने बताया कि मतदाता सूची में संशोधन एक सतत प्रक्रिया है। सौरभ ने कहा कि चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी और आयोग ने भरोसा दिलाया है कि अंतिम सूची तैयार करते समय सामने आई त्रुटियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। CEO बिहार से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ, पूर्व आईपीएस जितेन्द्र मिश्रा समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। जन सुराज ने कहा कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के लिए मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बेहद जरूरी है।