कुंदन कुमार/पटना। आगामी बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए जन सुराज पार्टी ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने चुनावी रणनीति का खुलासा करते हुए कहा कि पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर आगामी 13 जुलाई को सुबह 10 बजे बांकीपुर सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

​13 जुलाई को शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन

​मनोज भारती ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। पार्टी के सभी समर्थक और कार्यकर्ता 13 जुलाई को सुबह 10 बजे पटना के छज्जूबाग स्थित स्काउट गाइड मैदान में एकत्रित होंगे। यहां से प्रशांत किशोर के नेतृत्व में एक भव्य जुलूस निकाला जाएगा जो पटना समाहरणालय तक जाएगा। पार्टी ने इसे एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में आयोजित करने की योजना बनाई है।

​बांकीपुर की जनता खुद लड़ रही है चुनाव: कुमार सौरभ

​पार्टी प्रवक्ता कुमार सौरभ ने चुनावी तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि बांकीपुर के सभी 422 बूथों और 24 वार्डों में जन सुराज का अभियान पूरी गति के साथ चल रहा है। उन्होंने कहा यह केवल प्रशांत किशोर का चुनाव नहीं है बल्कि बांकीपुर की जनता स्वयं यह चुनाव लड़ रही है। पिछले सात महीनों का सम्राट चौधरी का कार्यकाल निरंकुश रहा है जिससे जनता त्रस्त है। उन्होंने आगे कहा कि यह चुनाव केवल एक सीट जीतने का नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति को एक नई दिशा देने और राजनीतिक स्थिरता के नाम पर जड़ता को तोड़ने का माध्यम है। यह चुनाव भाजपा से अधिक सम्राट चौधरी के काम पर एक जनमत संग्रह साबित होगा।

​जाने-माने शिक्षक रामांशु सर का हुआ आगमन

​प्रेस वार्ता का एक मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध शिक्षक रामांशु सर का जन सुराज में शामिल होना रहा। प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उन्हें गमछा पहनाकर पार्टी में विधिवत स्वागत किया। रामांशु सर के जुड़ने पर खुशी जाहिर करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि रामांशु सर जैसे प्रबुद्ध और पढ़े-लिखे लोगों का आना जन सुराज की असली ताकत है। उन्होंने बताया कि रामांशु सर ने लखनऊ विश्वविद्यालय से LLB की शिक्षा ग्रहण की है और उनके बौद्धिक अनुभव का लाभ जन सुराज को बिहार के विकास के विजन को धरातल पर उतारने में मिलेगा।
​जन सुराज पार्टी का दावा है कि इस उपचुनाव के माध्यम से वे बिहार की विधानसभा में एक ऐसा नेतृत्व और आवाज सुनिश्चित करना चाहते हैं जिसे अनदेखा करना किसी भी सरकार के लिए संभव नहीं होगा।