जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में घायल दिल्ली पुलिसकर्मियों के परिजनों ने पहली बार सामने आकर अपनी पीड़ा साझा की। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया गया, जबकि सोशल मीडिया पर उन्हें ही दोषी ठहराने का अभियान चलाया गया। संविधान क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में घायल पुलिस अधिकारियों की पत्नियों, बेटे और बेटी ने उस रात के भयावह अनुभव साझा करते हुए न्याय की मांग की।

घायल एसीपी की पत्नी बोलीं- ‘हर वर्दी के पीछे एक परिवार होता है’

हिंसा में घायल एसीपी अर्शदीप की पत्नी उपनीत कौर ने बताया कि जब उनके पति गंभीर चोटों के साथ घर लौटे तो पूरा परिवार सदमे में था। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही थी, लेकिन इसके बावजूद जवानों पर पत्थर, बोतलें और अन्य वस्तुएं फेंकी गईं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अकेले नहीं होते, उनकी वर्दी के पीछे पूरा परिवार खड़ा होता है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी छात्रों को दोषी नहीं ठहराया जा रहा, बल्कि हिंसा फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।

‘खून से सनी वर्दी देखकर कांप उठा परिवार’

घायल सब-इंस्पेक्टर संदीप की बेटी कुंजल ने बताया कि उनके पिता, जो भारतीय नौसेना में 15 वर्ष तक मरीन कमांडो रह चुके हैं, प्रदर्शन के दौरान फ्रंटलाइन में तैनात थे। 25 जुलाई की रात घायल अवस्था में जब वे घर पहुंचे तो उनकी वर्दी खून से सनी हुई थी और सिर पर चार टांके लगे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ ने उनके पिता की मॉब लिंचिंग जैसी स्थिति पैदा कर दी। कुंजल ने कहा कि एक ओर उनके पिता राजधानी की सुरक्षा कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर उन्हें ही अपराधी साबित करने की कोशिश की गई।

परिजनों ने संसद से उठाई आवाज

घायल एएसआई धर्मेंद्र सिंह की पत्नी सीमा ने बताया कि उनके पति ने फोन पर बताया था कि कुछ उपद्रवी तत्वों ने पुलिस पर पत्थरों और घातक हथियारों से हमला किया। बाद में जब वे घर लौटे तो उनका सुरक्षा हेलमेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त था। वहीं, घायल एसीपी कैलाश बिष्ट के बेटे लक्ष्य ने कहा कि अस्पताल में पिता को सिर पर टांकों के साथ देखकर वह सहम गए। परिजनों ने संसद और देश से अपील की कि घायल पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की पीड़ा भी सुनी जाए तथा हिंसा की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m