सतीश सिंह, लखनऊ. जापान-यूपी सम्मिट 2026 (Japan-UP Summit 2026) के तहत उत्तरप्रदेश अपनी साझेदारी को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है. इस दिशा में शुक्रवार को जापानी प्रतिनिधिमंडल की लखनऊ में राज्यपाल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से औपचारिक मुलाकात के साथ ही उद्योग, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन और एमएसएमई क्षेत्रों में व्यापक संवाद होगा. दिन की शुरुआत राजभवन में राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट से होगी. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात करेगा. इन उच्चस्तरीय बैठकों में निवेश संभावनाओं, आर्थिक सहयोग और आपसी संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा होने की उम्मीद है.

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में दिनभर चार समानांतर सेक्टोरल सत्र आयोजित होंगे. इनमें ‘फ्रॉम गेट टू ग्लोबल प्लेट’ सत्र में कृषि और खाद्य प्रसंस्करण को वैश्विक बाजार से जोड़ने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी. जापानी पर्यटन सत्र में पर्यटकों के आदान-प्रदान पर मंथन होगा. स्वास्थ्य एवं केयर इकोनॉमी सत्र में स्वास्थ्य क्षेत्र की साझेदारी पर चर्चा होगी, जबकि जापान-यूपी एमएसएमई पार्टनरशिप फोरम में छोटे-मझोले उद्योगों के लिए जापानी तकनीक और निवेश के अवसरों पर फोकस रहेगा. प्रतिष्ठान में एक्जीबिशन और ओडीओपी एक्सपीरियंस सेंटर भी लगाया गया है.

इसे भी पढ़ें : मेरठः 8 महीने की बेटी को गोद में लेकर ससुराल पहुंची महिला, दरवाजा बंद कर भगाया! 30 लाख दहेज मांगने का आरोप

अटल विद्यालय का दौरा भी करेगा प्रतिनिधिमंडल

जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ आए 15 विद्यार्थी मोहनलालगंज स्थित अटल विद्यालय का दौरा करेंगे. वहीं 15 महिला प्रतिनिधि महिला एवं बाल कल्याण मंत्री से मुलाकात के बाद 1090 वीमेन हेल्पलाइन का निरीक्षण करेंगी, जहां महिला सुरक्षा की कार्यप्रणाली पर उन्हें जानकारी दी जाएगी. विधानसभा में एमओयू एक्सचेंज की बैठक भी प्रस्तावित है. दोपहर में ऊर्जा मंत्री और जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को लेकर बैठक होगी. वहीं शाम को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में वेलेडिक्टरी सेशन होगा, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रतिनिधिमंडल और उद्यमियों को संबोधित करेंगे. इसके बाद नेटवर्किंग हाई-टी और रात में मुख्यमंत्री आवास पर डिनर के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा.