मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ में बुधवार देर शाम एक विवाहिता अपनी आठ माह की बेटी को गोद में लेकर ससुराल पहुंची, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष ने घर का दरवाजा बंद कर उसे अंदर प्रवेश नहीं करने दिया. इसके बाद महिला अपने मायके वालों के साथ ससुराल के बाहर ही धरने पर बैठ गई. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की.
इसे भी पढ़ें- दलित BJP विधायक को मंदिर में पूजा से रोका गया! जय देवी कौशल ने लगाया जातिगत भेदभाव का आरोप
ससुराल के बाहर बच्ची संग बैठी रही महिला
मामला मेरठ के नंगला बट्टू इलाके का है. यहां विवाहिता रितु गुप्ता अपने मायके वालों के साथ पति के घर पहुंची थी. आरोप है कि ससुराल पहुंचते ही घर का दरवाजा बंद कर दिया गया और उसे अंदर आने से रोक दिया गया. महिला ने अपनी आठ माह की बेटी के साथ घर के बाहर बैठकर विरोध शुरू कर दिया. देर रात तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली.
शादी के बाद 30 लाख रुपये मांगने का आरोप
बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी मोनू गुप्ता के अनुसार, उनकी बहन रितु की शादी 18 फरवरी 2025 को मेरठ के नंगला बट्टू निवासी अनमोल गुप्ता से हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से 30 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रितु को परेशान किया जाने लगा. परिवार का दावा है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे. विवाद बढ़ने के बाद रितु को मायके भेज दिया गया.
पति पर लगाए गंभीर आरोप
रितु ने अपने पति पर नशा करने और अतिरिक्त पैसों की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. महिला ने पति पर अनैतिक संबंधों के भी आरोप लगाए हैं. परिवार के मुताबिक, 23 दिसंबर 2025 को रितु ने एक बेटी को जन्म दिया था. बुधवार को मायके वाले उसे उसकी बेटी के साथ ससुराल छोड़ने पहुंचे थे, लेकिन वहां विवाद हो गया.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हंगामे की जानकारी मिलने के बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के अनुसार, ससुराल पक्ष ने महिला को साथ रखने से इनकार किया और कहा कि उन्होंने अपने बेटे को पहले ही बेदखल कर दिया है, इसलिए बहू और उसकी बेटी से उनका कोई संबंध नहीं है.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश के जाति जनगणना बयान पर फिर बरसे राजभर, बोले- सत्ता में थे तब क्यों नहीं…
मौके पर पहुंचे व्यापारी नेता नवीन गुप्ता ने भी दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी. इसके बाद महिला ने ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस को शिकायत पत्र दिया. थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है. आरोपों की पुष्टि होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

