यमुनानगर। यमुनानगर के जठलाना में हिमाचल बिजली निगम के सेवानिवृत्त सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर जगदीश बंसल हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय ने सोमवार को पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस जब उसे सबूत जुटाने और घटनास्थल की निशानदेही के लिए जगदीश बंसल के घर लेकर पहुंची, तभी उसने अचानक छत से छलांग लगा दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने का प्रयास किया, लेकिन ऊंचाई से कूदने के कारण उसकी टांग में गंभीर चोट लग गई। चिकित्सकीय जांच में उसकी टांग में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। घायल आरोपी को पुलिस ने तुरंत कब्जे में लेकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि पुलिस हत्या से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाने और वारदात के घटनाक्रम की पुष्टि के लिए आरोपी को घटनास्थल पर लेकर गई थी। इसी दौरान उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका।

गौरतलब है कि जठलाना में हिमाचल बिजली निगम के सेवानिवृत्त सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर जगदीश बंसल की हत्या के मामले में पुलिस पहले ही आरोपी अजय को गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस उससे पूछताछ के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। आरोपी के फरार होने के प्रयास के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।