कृष्ण कुमार मिश्र, जौनपुर. नए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के कार्यभार संभालने के कुछ ही घंटे बाद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी. गुरुवार देर शाम सिकरारा थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाशों ने वक्रांगी केंद्र संचालक को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और उनकी स्कूटी लेकर फरार हो गए. पीड़ित के मुताबिक, स्कूटी की डिग्गी में करीब डेढ़ लाख रुपये नकद रखे थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई.

जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाना क्षेत्र के देवपुर गांव निवासी मनमोहन सिंह शेरवा बाजार में वक्रांगी केंद्र चलाते हैं. गुरुवार देर शाम वह रोजाना की तरह केंद्र बंद कर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान गांव से कुछ दूरी पर पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया.

इसे भी पढ़ें : शहनाई बजने से पहले उठी अर्थी! प्रेमी की सगाई की खबर मिलते ही प्रेमिका ने खत्म की जिंदगी, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

आरोप है कि बदमाशों ने मनमोहन सिंह की स्कूटी में धक्का मार दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े. इससे पहले कि वह खुद को संभाल पाते, तीनों बदमाश उनकी स्कूटी लेकर मौके से भाग निकले. पीड़ित के अनुसार, स्कूटी की डिग्गी में करीब 1.50 लाख रुपये नकद रखे हुए थे. वारदात के बाद मनमोहन सिंह ने पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही सिकरारा थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई और बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों की जांच शुरू कर दी.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस बदमाशों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वारदात के बाद बदमाश किस दिशा में भागे और क्या उन्होंने घटना को अंजाम देने से पहले इलाके की रेकी की थी. नए एसएसपी के कार्यभार संभालने के कुछ ही घंटों बाद हुई इस वारदात से पुलिस के सामने चुनौती बढ़ गई है. अब बदमाशों की पहचान, गिरफ्तारी और लूटी गई स्कूटी व नकदी की बरामदगी पुलिस के लिए अहम है.