Siwan AK-47 Firing: दिल्ली समेत देश के विभिन्न हिस्सों में पेपर लीक को लेकर सड़क पर जारी संग्राम थम चुका है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रदर्शन खत्म कर दिया गया है। हालांकि, इस प्रदर्शन के दौरान बिहार के सिवान में हिंसा देखने को मिली थी। यहां एक जवान ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर AK-47 से गोली चला दी थी जिसमें 3 छात्र घायल हो गए थे। अब इस मामले पर हंगामा शुरू हो गया है। सरकार ने मामले पर कार्रवाई करते हुए संबंधित जवान को सस्पेंड कर दिया है।

गोली लगने से 3 छात्र घायल

नीट पेपर लीक मामले को लेकर बीते 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान राजधानी पटना समेत कई जिलों में छात्र आंदोलन के दौरान हिंसक प्रदर्शन देखने को मिले थे। इस दौरान सीवान में पुलिसकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए AK 47 से गोलियां चलाई थी, जिसकी गोली लगने से 3 छात्र घायल हो गए थे, जिसे लेकर काफी हंगामा देखने को मिल रहा है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत कई नेता सम्राट सरकार पर लगातार हमलावर हैं।

मेदांता अस्पताल में चल रहा इलाज

अब इस मामले में सरकार ने कड़ा एक्शन लेते हुए AK-47 से फायरिंग करने वाले जवान को सस्पेंड कर दिया गया है। AK 47 से गोली चलाने वाले जवान की पहचान अभिषेक पटेल के रूप में हुई है। अभिषेक SIT का जवान है, फिलहाल जिन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, AK-47 से हुई फायरिंग में घायल तीनों छात्रों का पटना के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है।

एसपी पूरण समेत 30 पुलिसकर्मी घायल

बता दें कि सीवान हिंसा में एसपी पूरण कुमार झा, नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सहित कुल 30 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। पुलिस ने हिंसा को लेकर 3 एफआईआर भी दर्ज की है, जिसमें 100 लोगों के खिलाफ नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, 25 लोगों को जेल भेजा गया है।

तेजस्वी ने शेयर की गोली चलाने का वीडियो

तेजस्वी यादव ने सीवान में हुई फायरिंग की घटना का सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा, देखिए कैसे बिहार में छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिसकर्मी AK-47 से गोली चला रहा है? संपूर्ण देश में किसी भी छात्र प्रदर्शन में Police Manual का उल्लंघन कर AK-47 से गोली चलाने का यह प्रथम मामला है।

तेजस्वी ने कहा कि, लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। अगर यही परिपाटी बनी तो आगे से प्रदर्शन करने वाले वकीलों पर, डॉक्टर्स पर, शिक्षकों पर, जजों पर, हक-अधिकार के लिए लड़ रहे छात्रों-युवाओं, महिलाओं और किसानों पर भी क्या बीजेपी सरकारें AK-47 से गोलियां चलवाएगी?

उन्होंने कहा कि, कल को कोई भी पुलिसकर्मी किसी भी नेता, मंत्री, मुख्यमंत्री पर भी कभी भी कहीं भी अकारण गोली चला सकता है? क्या ऐसे मामलों में सिर्फ गोली चलाने वाला ही दोषी होगा? उस जिले के SP और उच्च अधिकारियों को अविलंब सस्पेंड करना चाहिए? गृहमंत्री की जवाबदेही तय होनी चाहिए अन्यथा प्रदेश में अराजक स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। अपराधी प्रवृति के व्यक्ति को जनता ने बिहार का मुख्यमंत्री नहीं चुना था। यह Elected नहीं Selected CM है।

ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: मनोज तिवारी की सभा में घुसा जन सुराज का समर्थक, वीडियो वायरल