दुर्गेश राजपूत, ​नर्मदापुरम। नर्मदा नदी में प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से हो रहे अवैध रेत खनन पर मंगलवार को आखिरकार प्रशासन हरकत में आया। बुदनी रोड स्थित खर्राघाट पर नायब तहसीलदार और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने 3 जेसीबी मशीनों की मदद से करीब 5 घंटे तक ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रेत के बड़े स्टॉक को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया और खदान तक जाने वाले रास्तों को खोदकर बंद कर दिया गया। ​हालांकि, इस पूरी कार्रवाई के दौरान रेत का अवैध उत्खनन करने वाले और स्टॉक के असल मालिकों की पहचान नहीं हो सकी, जिसके चलते फिलहाल किसी के खिलाफ नामजद मामला दर्ज नहीं हो पाया है।

5 घंटे चला ‘ऑपरेशन’, मिट्टी में मिलाया रेत का स्टॉक

​मंगलवार दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक चली इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार हंसकुमार ओनकर, खनिज निरीक्षक कृष्णकांत परस्ते और देहात थाने के पुलिस बल की मौजूदगी रही। नर्मदा ब्रिज के किनारे बने रेत के विशालकाय अवैध ढेरों को जेसीबी से फैलाकर मिट्टी में मिला दिया गया। माफियाओं के वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए खदान की ओर जाने वाले रास्तों पर 3 स्थानों पर गहरी नालियां खोद दी गईं। देवेंद्र प्रताप सिंह एसडीएम ने बताया कि सोमवार रात को भी टीम को जांच के लिए भेजा गया था, लेकिन वहां काम बंद मिला था। अब खदान के रास्ते पूरी तरह बंद करवा दिए गए हैं। ट्रालियों से अवैध रेत का परिवहन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: प्रशासन ‘मौन’, माफिया ‘दबंग’, 44 साल पुराने जर्जर तवापुल पर दौड़ रहे डंपर, नर्मदा ब्रिज के नीचे दिन-दहाड़े सीना चीर रहे रेत चोर 

‘लल्लूराम डॉट कॉम’ की खबर का बड़ा असर

​उल्लेखनीय है कि लल्लूराम डॉट कॉम ने 3 जुलाई (सोमवार) को “44 साल पुराने जर्जर तवापुल पर दौड़ रहे डंपर, नर्मदा ब्रिज के नीचे दिन-दहाड़े सीना चीर रहे रेत चोर” शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर का असर यह हुआ कि सोमवार पूरे दिन डोंगरवाड़ा रेत खदान पर अवैध उत्खनन बंद रहा और मंगलवार को प्रशासनिक अमला मौके पर कार्रवाई के लिए पहुंचा।

​हाईवे पर फैली रेत बनी हादसों का कारण

​प्रशासन ने तटों पर कार्रवाई तो कर दी, लेकिन नर्मदापुरम-भोपाल हाईवे और नर्मदा ब्रिज पर अब भी लगभग 5 से 6 फीट की चौड़ाई में रेत फैली हुई है। इस बिखरी हुई रेत के कारण वहां से गुजरने वाले वाहन असंतुलित हो रहे हैं, जिससे हाईवे पर दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर फैली रेत को जल्द से जल्द साफ कराने की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m