सत्या राजपूत, रायपुर। NEET 2026 पेपर लीक मामले और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) रायपुर ने बुधवार को आंबेडकर अस्पताल के बाहर शांतिपूर्ण और गैर-राजनीतिक प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. पीयूष पी. श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में जूनियर डॉक्टर शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों ने छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे कथित अन्याय पर चिंता जताते हुए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की।

JDA रायपुर ने कहा कि NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में पेपर लीक की घटनाएं लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े करती हैं। ऐसे मामलों से युवाओं का परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर होता है, इसलिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जवाबदेही तय करना बेहद जरूरी है।

दिल्ली में छात्रों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई की निंदा

प्रदर्शन के दौरान एसोसिएशन ने दिल्ली में न्याय की मांग कर रहे छात्रों और युवाओं के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित अनुचित व्यवहार पर भी गहरी चिंता जताई। JDA ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं को संवाद और संवेदनशीलता के साथ सुना जाना चाहिए।

परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग

जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से मांग की कि NEET पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक, पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत सुधार लागू किए जाएं, ताकि छात्रों का विश्वास दोबारा बहाल हो सके।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी उठी मांग

JDA रायपुर ने इस पूरे मामले की नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी तय किए जाने की मांग करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से अपने पद से इस्तीफा देने की मांग भी की। संगठन का कहना है कि इतने बड़े परीक्षा विवाद के बाद जवाबदेही तय होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की आवश्यकता है।

‘यह आंदोलन राजनीति नहीं, छात्रों के भविष्य के लिए’

प्रदर्शन के अंत में JDA रायपुर ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं है। यह पूरी तरह छात्रों के भविष्य, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और न्याय सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आयोजित किया गया है। संगठन ने कहा कि जब तक परीक्षा प्रणाली में आवश्यक सुधार नहीं किए जाते, तब तक देश के लाखों छात्रों का भविष्य असुरक्षित बना रहेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H