Bihar News: पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन पर सिपाही भर्ती की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों द्वारा किए गए पथराव व तोड़-फोड़ की घटना पर जदयू नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आई है। मीडिया से बातचीत के दौरान जदयू नेता राजीव रंजन प्रसाद ने इस घटना पर कहा कि, छात्र और नौजवान इस देश के भविष्य हैं। लेकिन हाल ही के वर्षों में जिस तरह से विपक्ष के उकसावे का शिकार नौजवान बन रहे हैं, ये बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि, जो समय परीक्षाओं की तैयारी, स्पर्धा में बेहतर नतीजे लाने की दिशा में मेहनत करने में जाना चाहिए, उस समय ऐसी कार्रवाईयों में छात्रों का एक समूह उलझता जा रहा है। ये बहुत चिंताजनक है और इस प्रवृत्ति को नियंत्रित किए जाने की आवश्यकता है।

परिक्षार्थियों को बरतना चाहिए संयम- श्रवण कुमार

वहीं, इस मुद्दे पर जदयू के नेता और बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि, परीक्षार्थियों को संयम बरतना चाहिए। अगर साधन की कोई कमी हुई है तो तोड़फोड़ करना संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, ऐसा नहीं करना चाहिए। उन्हें अपनी मांग रखनी चाहिए।

500 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन पर हुए बवाल को लेकर पुलिस ने 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआआईआर दर्ज की है। इसके साथ ही मामले में अभी तक कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गौरतलब है कि 4,128 पदों पर सिपाही भर्ती के लिए आज 14 जून और 16 जून को परीक्षा आयोजित की गई है। इस बीच पहले दिन पेपेर देने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पाटलिपुत्र जंक्शन पहुंचे थे, जहां से ट्रेन के माध्यम से उन्हें अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर जाना था।

आईजी समेत कई पुलिसकर्मी घायल

इस बीच अभ्यर्थियों का एक समूह ने ट्रेन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने और देरी से ट्रेन के पहुंचने पर आक्रोशित हो उठा और स्टेशन परिसर में ही जमकर तोड़फोड़ करने लगा। देखते ही देखते छात्रों ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया और ट्रेन के इंजन पर सवार होकर स्टेशन परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित अभ्यर्थियों ने रेलवे संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया है। इस दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच झड़प भी देखने को मिली, जिसमें आईजी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी पुलिस

रेल आईजी अमरेश कुमार ने बताया कि, हालात बिगड़ने पर आरपीएफ और जिला पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। रेलवे ट्रैक को खाली कराने के लिए हल्का बल प्रयोग और आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जिसके बाद हालात पर नियंत्रण पाया गया। उन्होंने बताया कि, फिलहाल रेलवे स्टेशन पर हुई घटना की जांच जारी है। पुलिस CCTV फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।

ये भी पढ़ें- कोचिंग विवाद के बीच जेल में बंद रौशन आनंद के भाई की संदिग्ध हालत में मौत, नेपाल के होटल में मिला शव