Bihar News: पटना कोचिंग विवाद के बीच एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। दरअसल जेल में बंद ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची नेपाल पुलिस ने प्रिंस यादव के साथ होटल में ठहरे हुए सभी युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया

रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत कैसे हुई? अभी तक इसे लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल नेपाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार प्रिंस यादव नेपाल के होटल में अपने कुछ साथियों के साथ ठहरे हुए थे। इसी क्रम में उनकी संदिग्ध मौत हो गई। नेपाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।

पीएम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

सूत्रों के अनुसार बीते 2 जून को खान सर के कोचिंग पर हुए मारपीट और पथराव मामले में भी प्रिंस यादव का नाम सामने आया था, जिसके बाद से वे फरार चल रहे थे। हालांकि इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। नेपाल पुलिस ने प्रिंस के शव को कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा, जिसके बाद पुलिस जांच को आगे की क्रम में बढ़ाएगी।

अभी भी जेल में बंद हैं रौशन आनंद

पटना कोचिंग विवाद में ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद अभी भी जेल में बंद हैं, शुक्रवार को उनकी जमानत याचिका पर होने वाली सुनवाई टाल दी गई थी। खान सर के वकील ने तबीयत खराब होने की बात कहकर मामले की सुनवाई को आगे बढ़ाने का आग्रह किया था, जिसके बाद अदालत ने 15 जून तक के लिए सुनवाई को टाल दिया था। अब कल सोमवार को एक बार फिर से उनकी जमानत पर सुनवाई होगी। ऐसे में अब यह देखने वाली बात हो की क्या कल होने वाली सुनवाई में रौशन आनंद को जमानत मिल पाती है या नहीं?

जानें क्या है पूरा मामला?

गौरतलब है कि खान कोचिंग पर बीते 2 जून की रात हुए पथराव और मारपीट के मामले में खान ग्लोबल स्टडीज की ओर से ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, घटना के अगले दिन सोशल मीडिया पर फायरिंग से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ, जिसमें खान सर के सुरक्षाकर्मी हवाई फायरिंग करते हुए नजर आए, जिसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए दोनों सुरक्षा कर्मियों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दायर किया हुआ है, फिलहाल कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई हुई है।

ये भी पढ़ें- पति के अवैध संबंध से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, काफी देर तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा