कुंदन कुमार, पटना। जदयू में हर सप्ताह जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। आज ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े मामलों को लेकर जनता दरबार लगा, जिसमें मंत्री श्रवण कुमार ने कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। श्रवण कुमार ने कहा कि जनता दरबार में बिहार के अलग-अलग हिस्सों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। सबसे ज्यादा मामले जमीन से जुड़े होते हैं, जिनमें प्रशासनिक अधिकारियों और सीओ से संबंधित शिकायतें भी शामिल रहती हैं।
संलिप्त लोगों पर होती है कार्रवाई
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि, जो भी व्यक्ति मामले में संलिप्त पाया जाता है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है और शिकायतों का समाधान कराने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश और मार्गदर्शन में जनता दरबार के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं और उन पर कार्रवाई भी होती है।
अशोक धाम मंदिर भगदड़ पर जताया दुख
लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़ की घटना पर श्रवण कुमार ने दुख जताया और इसे बेहद दुखद एवं निंदनीय घटना बताया। गौरतलब है कि सावन के तीसरा सोमवार पर यानी की आज बिहार के लखीसराय जिले में स्थित प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में करंट फैलने की अफवाह के बाद भगदड़ मचने से 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सभी मृतक महिलाएं बताई जा रही हैं। वहीं, एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हृदयविदारक घटना पर सीएम सम्राट चौधरी ने दुख जताते हुए अपनी संवेदना जाहिर की है। इसके साथ ही सीएम ने हादसे में जान गंवाने वाले के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है।
पीएचडी धारकों के भूख हड़ताल पर कही ये बात
वहीं, पटना के गर्दनीबाग में पिछले करीब 13 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे पीएचडी धारकों के मुद्दे पर उन्होंने युवाओं से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि, युवाओं में आक्रोश नहीं, बल्कि शांति होनी चाहिए और अपनी मांगों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सरकार के सामने रखना चाहिए।
ये भी पढ़ें- तीसरी सोमवारी पर कटिहार में दर्दनाक हादसा, कमला नदी में स्नान के दौरान 5 बच्चे डूबे, तीन की मौत


