कुंदन कुमार, पटना। पटना में मशहूर शिक्षक खान सर और ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के बीच हुए कोचिंग विवाद को लेकर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने बड़ा बयान दिया है। मीडिया में बातचीत के दौरान संजय झा ने कहा कि, बिहार में कानून का राज है। अगर कोई भी कोचिंग संचालक यह समझेंगे कि वो ताकतवर हैं। वो अपनी मनमानी करेंगे, तो यह सब बिहार में नहीं होगा। यहां 20 साल से कानून का राज है और रहेगा।

‘माहौल खराब करने वालों पर होगी कार्रवाई’

संजय झा ने आगे कहा कि, आप ही देखिये कोचिंग संचालक कैसा माहौल बना रहे हैं? बम और गोली की बात करते हैं। ये ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि, बिहार में अच्छे कोचिंग संस्थान हो…यह हमारी भी इच्छा है। हम भी चाहते हैं कि बिहार के बच्चों को पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। लेकिन इस तरह का माहौल, जो लोग बनाते हैं। वो गलत है, जो भी इस तरह का माहौल बनाएगा…गलती करेगा। सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।

कोर्ट में विचाराधीन है मामला

बता दें कि पूरा मामला बीते 2 जून का है, जब खान सर की कोचिंग के बाहर तोड़फोड़ और मारपीट हुई थी। खान सर की शिकायत पर ही पटना पुलिस ने ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले में खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज है, जिन्हें कोर्ट से गिरफ्तारी को लेकर अंतिरम राहत मिली हुई है। वहीं, अब रौशन आनंद को बेल मिल गई है। फिलहाल पूरा मामला न्यायालय के विचाराधीन है।

रौशन आनंद के भाई की नेपाल में संदिग्ध मौत

पोस्टर फाड़ने को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद ने उस वक्त बड़ा मोड़ ले लिया, जब गिरफ्तारी के डर से नेपाल के एक होटल में छिपे रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मामले में प्रिंस यादव के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई गई थी। वहीं, बीते सोमवार को बेल मिलने पर जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद ने अपने भाई की मौत को एक साजिश और हत्या करार दिया। उन्होंने सीधा-सीधा खान सर और कोल्ड स्टोरेज के मालिक पर भाई प्रिंस यादव की हत्या कराने का आरोप लगाया।

ये भी पढ़ें- ‘ई सब नीतीश के इशारे पर हो रहा’, राबड़ी आवास और सुरक्षा विवाद पर लालू यादव का बड़ा बयान