कुंदन कुमार, पटना। पटना में कल रविवार 21 जून को जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक होने जा रही है। जदयू दफ्तर में होने वाली इस बैठक की अध्यक्षता नीतीश कुमार करेंगे। यह बैठक इस लिए भी खास है क्योंकि 20 साल में यह पहला मौका होगा, जब नीतीश कुमार बिना सीएम रहते हुए इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की इस बैठक में नीतीश कुमार को जदयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले पर औपचारिक मुहर भी लगेगी। इसके साथ ही पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और आगामी चुनावी रोडमैप पर भी चर्चा होगी।

बैठक में शामिल होंगे सभी राज्यों के डेलिगेट्स

जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक को लेकर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि, इस बैठक में सभी राज्यों से डेलिगेट्स आ रहे हैं। हम लोग काफी खुश और उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि बैठक जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही होगी, बैठक में जो भी निर्णय होगा। पार्टी और संगठन की मजबूती को लेकर…इसकी विस्तृत जानकारी हम लोग मीडिया को देंगे।

सुबह से शाम तक चलेगा बैठकों का दौर

उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि, सुबह 10:30 राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी, जिसमें तमाम राष्ट्रीय परिषद के अधिकारी आएंगे। वहीं, 11:30 से राज्य परिषद की बैठक है। फिर 3:00 बजे राष्ट्रीय परिषद की बैठक होगी। उन्होंने कहा कि, सबसे बड़ी बात यह है कि इस बार जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय परिषद का भी बैठक का आयोजन बिहार प्रदेश पार्टी कार्यालय में किया जा रहा है। कई राज्य के प्रतिनिधि भी यहां पर पहुंचेंगे। इस बैठक में जदयू के तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे।

पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बैठक- संजय झा

जदयू सांसद संजय कुमार झा ने कल होने वाली JDU की कार्यसमिति की बैठक पर कहा कि, 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद यह सबसे बड़ी बैठक है। 2025 के विधानसभा चुनाव में JD(U) का प्रदर्शन अच्छा रहा, पूरे NDA ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। JD(U) ने 101 सीटों पर चुनाव लड़ा और 85 सीटें जीतीं। अगर प्रतिशत के हिसाब से देखें, तो यह JD(U) का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा है। यह पार्टी के लिए बहुत खुशी की बात है। यह पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बैठक है।

ये भी पढ़ें- ‘मेरे अंग भारतीय सेना को दान कर देना’, एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी का पुराना वीडियो वायरल