पटना। शहर स्थित जनता दल यूनाइटेड (JDU) कार्यालय में आज पार्टी की राष्ट्रीय और राज्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया है। इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सदस्यता अभियान के विस्तार और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर गहन मंथन किया जाएगा।

​निशांत कुमार का राजनीतिक पदार्पण

​इस बैठक का सबसे चर्चित और अप्रत्याशित पहलू नीतीश कुमार के बेटे और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की मौजूदगी है। यह पहली बार है जब निशांत न केवल बैठक में भाग ले रहे हैं, बल्कि वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। इसे बिहार की राजनीति में एक बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

​अनंत सिंह की डिफेंडर वाली भव्य एंट्री

​बैठक में शिरकत करने के लिए देशभर से नेताओं का जमावड़ा लगा है। इसी बीच, बाहुबली विधायक अनंत सिंह अपनी महंगी ‘डिफेंडर’ कार से जब पार्टी कार्यालय पहुंचे, तो वे चर्चा का केंद्र बन गए। लंबे समय बाद कार्यालय पहुंचे अनंत सिंह का स्वागत वहां मौजूद कई मंत्रियों और विधायकों ने गर्मजोशी से किया। अपनी उपस्थिति को लेकर उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बैठक में जाएंगे, तब ना बताएंगे कि क्या फैसला हुआ है।

​राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर औपचारिक मुहर

​बैठक का मुख्य एजेंडा नीतीश कुमार को औपचारिक रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया को पूर्ण करना है। राष्ट्रीय परिषद इस निर्णय पर अपनी मुहर लगाएगी, जिससे पार्टी में नेतृत्व की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पहले ही बैठक स्थल पर पहुंच चुके हैं और अंतिम तैयारियों की कमान संभाले हुए हैं। राजनीतिक जानकारों की मानें तो आज की यह बैठक पार्टी की आगामी दिशा और दशा तय करने में बेहद निर्णायक साबित होगी।