कुंदन कुमार/पटना। राजधानी पटना के बिक्रम थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। नेशनल हाईवे-139 पर अंधरा चौकी के समीप बालू लदे एक बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। इस हादसे में 26 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया है।

​नौबतपुर से घर लौट रहा था युवक

​मृतक की पहचान बिक्रम थाना क्षेत्र के मनेर तेलपा गांव निवासी 26 वर्षीय जय राम कुमार के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जय राम शनिवार देर शाम अपने किसी व्यक्तिगत कार्य से नौबतपुर गए हुए थे। रात में बाइक से वापस अपने घर बिक्रम लौटते समय वे जैसे ही NH-139 पर स्थित अंधरा चौकी के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

​अस्पताल पहुंचने से पहले ही स्थिति हुई गंभीर

​टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जय राम सड़क किनारे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई जिन्होंने घटना की सूचना स्थानीय बिक्रम पुलिस को दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल अवस्था में युवक को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युवक की मौत हो गई।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​घटना की पुष्टि करते हुए बिक्रम थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। उन्होंने बताया ग्रामीणों के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
​थाना प्रभारी ने आगे बताया कि पुलिस की एक टीम अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि आरोपी ट्रक चालक की पहचान की जा सके और वाहन का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए पटना भेज दिया है। आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल छाया हुआ है।