कुंदन कुमार,पटना। नीतीश कुमार के आवास पर आज सोमवार (20 अप्रैल) को जदयू विधायकों की एक बड़ी और अहम बैठक बुलाई गई है। बैठक में शामिल होने के लिए जदयू विधायकों का नीतीश के आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। जदयू की इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव होना है। हालांकि इस बैठक से पहले पोस्टर वार के जरिए के बड़ा सियासी संदेश देने की कोशिश की गई है।
‘नीतीश नहीं, तो निशांत चाहिए’
छात्र जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा पटेल की ओर से लगाए गए इस पोस्टर में साफ तौर पर लिखा गया है। जदयू दल का नेता ‘नीतीश नहीं, तो निशांत चाहिए’। पोस्टर में पूर्व सीएम नीतीश कुमार की तस्वीर के साथ कई जदयू नेताओं की तस्वीरें भी लगाई गई हैं, लेकिन सबसे ज्यादा फोकस निशांत कुमार पर है। साथ ही पोस्टर में यह भी लिखा गया है कि “नीतीश जी का मिशन अधूरा, निशांत जी ही अब करेंगे पूरा”। पोस्टर में निशांत कुमार को “Future CM of Bihar” बताया गया है, जिससे साफ है कि समर्थक निशांत कुमार को बड़े राजनीतिक रोल में देखना चाहते हैं।
विजय चौधरी हो सकते हैं विधायक दल के नेता
मिली जानकारी के मुताबिक, डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। मौजूदा सरकार में उन्हें जदयू की तरफ से नंबर-2 की भूमिका दी गई है, जिससे उनकी दावेदारी मजबूत नजर आ रही है। गौरतलब है कि नीतीश कुमार के सीएम पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा जाने के बाद जदयू में विधायक दल के नेता का पद खाली हुआ है। जदयू की यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।
निशांत के विधायक दल का नेता बनने की गुंजाइश कम
बैठक से पहले पोस्टर वार के जरिए भले ही निशांत कुमार को जदयू विधायक दल का नेता बनाने की मांग की गई हो, लेकिन इसकी गुंजाइश बहुत कम है कि उन्हें विधायक दल का नेता बनाया जा। गौरतलब है कि प्रदेश में नई सरकार का गठन होने से पहले यह चर्चा थी की नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद जदयू से निशांत कुमार डिप्टी सीएम बन सकते हैं। हालांकि उन्होंने खुद इससे इंकार करते हुए पार्टी के लिए काम करने की बात कही थी।
यह भी खबर सामने आई थी की जदयू के कई सीनियर नेता और विधायक ने निशांत कुमार को डिप्टी सीएम बनने के लिए काफी मनाया भी था, लेकिन उन्होंने इससे इंकार कर दिया, जिसके बाद जदयू से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। वहीं, आज जदयू की होने वाली बैठक में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है।
ये भी पढ़ें- ‘बंगाल चुनाव में ममता को मिलेगी करारी हार’, उपेंद्र कुशवाहा ने बताई यह बड़ी वजह
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

