कुंदन कुमार/पटना। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने आज पटना में विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि बिहार सरकार हर मामले में निष्पक्ष जांच के लिए प्रतिबद्ध है।

​प्रिंस यादव मामले में निष्पक्ष जांच का भरोसा

​नेपाल में प्रिंस यादव की मौत को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र पर संजय झा ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद घटना बताते हुए कहा दिवंगत प्रिंस यादव के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मुझे बिहार सरकार की कार्यप्रणाली पर पूरा भरोसा है, सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच कराएगी और ‘दूध का दूध, पानी का पानी’ कर देगी। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

​’सहयोग शिविर’ की सराहना

​राज्य सरकार द्वारा फिर से शुरू किए गए ‘सहयोग शिविर’ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संजय झा ने इसे मुख्यमंत्री की जन-केंद्रित कार्यशैली का विस्तार बताया। उन्होंने कहा, यह सरकार का एक उत्कृष्ट कदम है, जिससे जनता की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा हो सकेगा। नीतीश कुमार की यह पुरानी परंपरा रही है कि वे जनता की शिकायतों को प्राथमिकता दें। जनता दरबार के जरिए मुख्यमंत्री ने हमेशा आम आदमी से सीधा संवाद किया है, और अब यह शिविर उसी दिशा में एक प्रभावी पहल है।

​प्रधानमंत्री को वैश्विक सम्मान और वैश्विक कूटनीति

​प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्लोवाकिया में मिले सर्वोच्च सम्मान पर बोलते हुए संजय झा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है। उन्होंने कहा, आज दुनिया में भारतीय पासपोर्ट की वैल्यू बढ़ी है। साथ ही, ईरान और अमेरिका के बीच तनाव कम होने और शांति समझौते को लेकर उन्होंने भारत की भूमिका को सराहा। उन्होंने कहा कि भारत का कूटनीतिक मैनेजमेंट बेहतरीन रहा है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

​जदयू की आगामी रणनीति

​जदयू की आगामी गतिविधियों पर चर्चा करते हुए संजय झा ने बताया कि 21 तारीख को पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में संगठनात्मक नियुक्तियों पर चर्चा होगी। साथ ही, 2025 के विधानसभा चुनावों को लेकर एनडीए की एकजुटता और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत मंथन किया जाएगा।