Jeevan Kundu Murder Case : हिसार: जीवन कुंडू हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अत्री को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हिसार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उसे गुजरात के जूनागढ़ से उसके दो साथियों के साथ पकड़ा। रमेश पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वह वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था।
जीवन कुंडू की हत्या के बाद मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता गया। खाप पंचायतों और किसान संगठनों ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर जीवन के शव का 14 दिन तक अंतिम संस्कार नहीं होने दिया। 15 अगस्त को हांसी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का विरोध करने पहुंचे लोगों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति भी बन गई थी। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था।
खाप संगठनों का आरोप था कि आरोपी का संबंध उचाना से BJP विधायक देवेंद्र अत्री से होने के कारण उसकी गिरफ्तारी में ढिलाई बरती जा रही है। हालांकि विधायक ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि हत्या जैसे गंभीर अपराध में अगर उनका अपना भाई या बेटा भी आरोपी होता, तब भी वह उसका बचाव नहीं करते।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद जीवन कुंडू का गांव किनाना में अंतिम संस्कार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी की तलाश तेज कर दी। मामले में पहले ही 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।
4 अगस्त को हुआ था हमला
दरअसल, 4 अगस्त की सुबह सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन कुंडू पर पड़ोस के 10-12 लोगों ने हमला कर दिया था। बताया गया कि गोबर डालने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि हमलावरों ने जीवन को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत 9 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अत्री लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था। अब STF ने उसे गुजरात से गिरफ्तार कर मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

