“Absence makes the heart grow fonder” सम्बन्धों में प्रेम, स्नेह और आत्मीयता के लिए निकटता जितनी आवश्यक है उतनी ही अनिवार्य एक निर्धारित दूरी भी होती है. आठों प्रहर साथ रहना, एक दूसरे की हर बात जानना और हर भाव को परख लेना भी कई बार रिश्तों की सहजता और सम्मान को कम कर देती है. समग्रता से कहें तो दूरी प्रेम को और गहरा करती है.

अँग्रेज़ी का एक प्रसिद्ध मुहावरा Too much familiarity breeds contempt. यह याद दिलाता है कि अत्यधिक परिचय कभी-कभी सम्मान में कमी ला सकता है. Distance lends enchantment to the view. दूरी किसी व्यक्ति या वस्तु के आकर्षण को बढ़ाने का काम करती है. इस तथ्य को समझने के लिए चंद्रमा एक सुंदर उदाहरण है. वह दूर से वह आकर्षक और मनमोहक दिखाई देता है लेकिन समीप जाने पर उसके गड्ढे और खाइयाँ उसकी सुंदरता को समाप्त कर देते हैं. सम्बन्धों का स्वभाव भी कुछ ऐसा होता है कि जब हम किसी को दूर से देखते हैं तो उसके गुण अधिक दिखाई देते हैं लेकिन निकटता उसकी कमियों को उजागर करने लगती है. संस्कृत का एक प्रसिद्ध सुभाषित है

नात्यन्तं सरलैर्भाव्यं गत्वा पश्य वनस्थलीम्।

इसका आशय भी हमारे लेख की पुष्टि करने वाला है अर्थात् अत्यधिक सरलता या खुलापन भी हर परिस्थिति में उचित नहीं होता. एक मनोवैज्ञानिक गहन सत्य यह है कि मनुष्य सर्वाधिक प्रेम स्वयं को करता है और यही कारण है अपने बाद वह उनसे ही अतिरेक में प्रेम करता है जो उसे अपनी तरह लगता है. मगर समीपता इस भ्रम को शीघ्र ही तोड़ देती है इसलिए दूर के रिश्ते देर तक चलते हैं और मोहक लगते हैं.

किसी को पूरी तरह जान लेने के बाद अक्सर मन दुखी ही होता है क्योंकि कि कोई भी दूसरा व्यक्ति शत प्रतिशत आपकी तरह और आपके अनुरूप नही हो सकता. समीप आकर व्यवहार में दिखाई देने वाली भिन्नता मन में खिन्नता पैदा करती हैं. यही कारण है कि प्रेम के वशीभूत होकर अपने प्राण त्याग देने का दावा करने वाले युगल, दाम्पत्य जीवन में आने के कुछ ही दिनों के बाद एक दूसरे से पूरी विरक्त दिखाई देते हैं. समीप रहने की बाध्यता से दूर जाने की अभिलाषा पैदा होती है और दूर रहने की विवशता से मन निकटता चाहता है.

आपसी सम्मान बनाए रखने के लिए भी थोड़ी अनभिज्ञता आवश्यक है रिश्ता तब तक ही सुंदर रहता है जब तक उनमें एक-दूसरे को जानने की थोड़ी गुंजाइश, थोड़ी जिज्ञासा और थोड़ा निजी आकाश सुरक्षित रहे. स्मरण रहे जब तक आपमें कुछ और जानना शेष रहेगा तभी तक आप अपने साथी के लिए एक दिलचस्प किताब होंगे. Good fences make good neighbors. इसका मतलब होता है उचित सीमाएँ रिश्तों में सौहार्द बनाए रखने में सहायक होती हैं.

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H