स्मरण रहे, महानता विरासत में नहीं अपने निज कर्मों से मिलती है. खानदानी गौरव निश्चित ही सम्मान की विषय-वस्तु हो सकती है मगर उस पर अभिमान करके स्वयं अकर्मण्य बने रहना सर्वथा मूढ़ता का प्रदर्शन है. पूर्वजों की उपलब्धियाँ हमारी विरासत हो सकती हैं मगर वह हमारी व्यक्तिगत उपलब्धि किसी दशा में नहीं बन सकती. किसी महान परिवार में जन्म लेना निश्चित रूप से सौभाग्य की बात है लेकिन उस महानता को अक्षुण्य रखना और उसे आगे बढ़ाना हमारी नैतिक जिम्मेदारी और मौलिक कर्तव्य हो जाता है. पूर्वजों के परिश्रम, प्रतिभा और संघर्ष से प्राप्त यश, प्रतिष्ठा, धन-संपत्ति या सामाजिक सम्मान आने वाली पीढ़ियों को एक अनुकूल वातावरण अवश्य देता है. लेकिन याद रहे उस विरासत के सहारे पूरा जीवन नहीं जिया जा सकता. अक्सर देखा गया है कि जो पीढ़ियाँ पूर्वजों की सफलता पर गर्व करके स्वयं अपना प्रयास छोड़ देती हैं वो पारिवार धीरे-धीरे अपनी पहचान खो देता है.

“पैतृकसम्पदः नित्यं गर्वस्य कारणं न भवन्तु।”

अर्थात् खानदानी संपदा कभी घमंड का कारण न बने. पुरानी उपलब्धियाँ वर्तमान की उपलब्धियों का विकल्प कभी नहीं हो सकतीं. बीते हुए कल का यश आज के कर्मों का प्रमाण-पत्र कभी नहीं बन सकता. यदि आपको किसी प्रतिष्ठित परिवार की विरासत मिली है तो यह एक ऐसी सुविधा है जिसके साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी जुड़ी है. 

उच्च कुल और ऊँची प्रतिष्ठा के साथ उच्च आचरण का दायित्व भी आता है जिसे अँग्रेज़ी में “Noblesse oblige.” कहा जाता है. यह भी कहा जाता है “It’s not what you inherit, but what you do with it.” यानी महत्त्व इस बात का नही है कि विरासत में आपको क्या मिला बल्कि महत्वपूर्ण यह है कि आपने उसका क्या किया?  इसलिए पूर्वजों के नाम को भुनाने के बजाय उनके आदर्शों को अपनाइए और उनसे एक कदम आगे बढ़ने का प्रयास कीजिए.

याद रखिए विरासत आपको एक शानदार शुरुआत दे सकती है लेकिन लक्ष्य तक केवल आपके कर्म ही आपको पहुँचा सकते हैं. “You cannot live on your ancestors’ achievements.” इसका तात्पर्य यह है कि पूर्वजों की उपलब्धियों के सहारे अपना जीवन नहीं जिया जा सकता. “Don’t rest on your laurels.” अँग्रेज़ी के इस प्रसिद्ध कहावत के अनुसार ‘पुरानी उपलब्धियों के भरोसे मत बैठो’. सिर्फ़ अपने खानदान के नाम पर गर्व करने से बेहतर है कि आपके कर्मों से खानदान को आप पर गर्व करने का अवसर मिले.

संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H